नए भारत की नई पहचान: वैश्विक फलक पर उभरा अहमदाबाद

राष्ट्रमंडल खेलों के साथ 2031 विश्व एथलेटिक्स की करेगा मेजबानी

खेलपथ संवाद

ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेलों (2030) की मेजबानी हासिल कर चुके अहमदाबाद ने अब 2028 विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप और 2031 विश्व सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए भी दावेदारी पेश की है। भारतीय अधिकारियों ने कहा कि गुजरात का यह शहर 2036 ओलंपिक की मेजबानी की अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए लगातार बड़े वैश्विक टूर्नामेंट कराने की दिशा में काम कर रहा है। ‘कॉमनवेल्थ स्पोर्ट’ की जनरल असेंबली ने हाल ही में अहमदाबाद को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों का आधिकारिक मेजबान घोषित किया है। इस घोषणा के बाद गुजरात सरकार ने शहर को खेलों का वैश्विक केंद्र बनाने की अपनी मंशा साफ कर दी है।

गुजरात सरकार में प्रधान सचिव (खेल) अश्वनी कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हम ऐसा ढांचा तैयार कर रहे हैं जिससे अहमदाबाद भारत की खेल राजधानी बन सके। हमारा लक्ष्य विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएँ तैयार करना, उत्कृष्ट एथलीट तैयार करना और एशियाई, महाद्वीपीय तथा विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करना है।' उन्होंने आगे बताया, 'हम 2028 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2031 में विश्व सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप और 2033 में विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए प्रस्ताव भेज चुके हैं। इसके अलावा 2029 में हम विश्व पुलिस और फायर गेम्स की मेजबानी करेंगे।'

नए भारत की नई पहचान: वैश्विक फलक पर उभर रहा अहमदाबाद

राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी आधिकारिक तौर पर भारत को मिल गई है और गुजरात का अहमदाबाद शहर इन खेलों की मेजबानी करेगा। राष्ट्रमंडल खेल 2030 में अपने 100 साल भी पूरे कर रहे हैं लिहाजा यह संस्करण विशेष रहने वाला है। भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल करना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि देश 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने की दौड़ में भी है और अहमदाबाद को ही मेजबान शहर के रूप में पेश किया गया है।

पिछले एक दशक में खेल ढांचा नए स्तर पर पहुंचा

भारत ने इससे पहले 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया था, लेकिन 2030 में इन खेलों को अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा जिसने पिछले एक दशक में अपने खेल ढांचे को नए स्तर तक पहुंचाया है। राष्ट्रमंडल खेल बोर्ड ने मूल्यांकन समिति की देखरेख में एक प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत को मेजबानी देने की सिफारिश की थी। इसने मेजबानी के दावेदार शहरों का तकनीकी वितरण, खिलाड़ियों के अनुभव, बुनियादी ढांचे, प्रशासन और राष्ट्रमंडल खेल मूल्यों के साथ अनुकूलता के आधार पर मूल्यांकन किया था।

अहमदाबाद ने हाल के महीनों में राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप, एशियाई एक्वेटिक्स चैंपियनशिप और फुटबॉल के एएफसी अंडर-17 एशियाई कप 2026 क्वालिफायर की मेजबानी की है। इतना ही नहीं यह शहर अगले साल एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप और एशिया पैरा-तीरंदाजी कप की मेजबानी करेगा। इसके अलावा 2029 में विश्व पुलिस और अग्निशमन खेल अहमदाबाद, गांधीनगर और एकता नगर में आयोजित किए जाएंगे।

आईपीएल और विश्व कप फाइनल के लिए भी अहमदाबाद पहली पसंद

क्रिकेट के बड़े आयोजन के लिए भी अहमदाबाद पहली पसंद बनता जा रहा है। आईपीएल 2022, 2023 और 2025 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कराया गया था। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल भी इस स्टेडियम पर हुआ था। अब अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला भी इसी शहर में होना तय किया गया, बशर्ते पाकिस्तान फाइनल में ना पहुंचे। अगर पाकिस्तान इस वैश्विक टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचता है तो खिताबी मैच कोलंबो में खेला जाएगा।

सरदार वल्लभभाई पटेल खेल परिसर उन प्रमुख स्थलों में से एक है, जिसको इन खेलों के लिए तैयार किया जा रहा है। इनमें एक लाख से अधिक दर्शकों की क्षमता वाला नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम भी शामिल है। इसके अलावा इस परिसर में एक जलक्रीड़ा केंद्र और एक फुटबॉल स्टेडियम के साथ-साथ इनडोर खेलों के लिए दो मैदान भी होंगे। इस परिसर के अंदर 3,000 लोगों के रहने की क्षमता वाला खेल गांव भी बनाया जाएगा।

रिलेटेड पोस्ट्स