वरुण का ‘मिस्ट्री’ कहर, हार्दिक और ईशान का बल्ले से धमाका

टी-20 विश्व कप में भारत ने नामीबिया को 93 रन से रौंदा

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। सलामी बल्लेबाज इशान किशन और हार्दिक पंड्या के तूफानी अर्धशतक के बाद वरुण चक्रवर्ती के फिरकी के जादू से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के एकतरफा मैच में  नामीबिया को 93 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत अपने पूल में टॉप पर है, 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर सबकी नजरें हैं।

नामीबिया के खिलाफ इशान (61 रन, 24 गेंद, पांच छक्के, छह चौके) और पंड्या (52 रन, 28 गेंद, चार छक्के, चार चौके) के अर्धशतक से भारत ने नौ विकेट पर 209 रन बनाए। इसके जवाब में नामीबिया की टीम वरुण चक्रवर्ती (सात रन पर तीन विकेट), हार्दिक पंड्या (21 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (20 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। नामीबिया की ओर से सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप (29) और जेन फ्राइलिंक (22) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया।

टीम ने अपने अंतिम आठ विकेट सिर्फ 30 रन जोड़कर गंवाए। इशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद में 79 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। पंड्या ने शिवम दुबे (23) के साथ 39 गेंद में 81 रन की साझेदारी करके अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया। भारतीय टीम अब अपना अगला मैच 15 फरवरी को कोलंबो में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी होंगी। पाकिस्तान की सरकार ने शुरुआत में भारत के खिलाफ इस मैच के बहिष्कार का फैसला किया था।

बाद में अपनी टीम को इस मैच में खेलने की इजाजत दे दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरे नामीबिया ने पावर प्ले में एक विकेट पर 57 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। फ्राइलिंक ने पंड्या पर चौका और छक्का मारने के बाद अर्शदीप सिंह पर भी लगातार दो चौके जड़े। इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर डीप मिडविकेट पर दुबे को कैच दे बैठे। स्टीनकैंप ने छठे ओवर में अर्शदीप पर दो चौके और एक छक्के से 17 रन बटोरे।

चक्रवर्ती ने पहली ही गेंद पर स्टीनकैंप को बोल्ड करके नामीबिया को दूसरा झटका दिया। कप्तान इरास्मस ने अक्षर पटेल का स्वागत मिडविकेट पर दो छक्कों के साथ किया, लेकिन जेन निकोल लॉफ्टी ईटन (13) चक्रवर्ती की गेंद को हवा में लहराकर लॉन्ग ऑफ पर अक्षर के हाथों लपके गए। चक्रवर्ती ने एक गेंद बाद जेजे स्मिट (00) को भी बोल्ड किया। इरास्मस (18) भी अक्षर के अगले ओवर में लॉन्ग ऑफ पर तिलक को आसान कैच दे बैठे। बाएं हाथ के इस स्पिनर के अगले ओवर में मलान क्रूगर (05) ने शार्ट फाइन लेग पर बुमराह को कैच थमाया, जिससे नामीबिया का स्कोर दो विकेट पर 86 रन से छह विकेट पर 94 रन हो गया।

नामीबिया को अंतिम पांच ओवर में 105 रन की दरकार थी और टीम इस स्कोर के आसपास भी नहीं पहुंच सकी। रूबेन ट्रंपलमैन (06) को बुमराह ने बोल्ड किया। पंड्या ने बर्नार्ड स्कोल्ट्ज (04) और बेन शिकोंगो (00) की पारी का अंत किया। पारी का 17वां ओवर खत्म होने के बाद एक दर्शक मैदान में घुस आया, जिससे सुरक्षाकर्मियों ने बाहर निकाला। दुबे की गेंद पर जेन ग्रीन (11) के हिट विकेट होने से भारत ने जीत दर्ज की।

रिलेटेड पोस्ट्स