कार्तिक करकेरा और निर्मबेन ने नई दिल्ली मैराथन जीती

एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई किया, महिलाओं के वर्ग में कोई नहीं

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। कार्तिक करकेरा ने रविवार को 11वीं नई दिल्ली मैराथन जीती और दो अन्य धावकों के साथ इस साल के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए क्वालिफाई करने का मानक भी हासिल किया। मुंबई के रहने वाले करकेरा ने 42.2 किलोमीटर की दूरी दो घंटे 13 मिनट 10 सेकेंड (02:13:10) में पूरी करके जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए क्वालिफाइंग मार्क को आसानी से पार कर लिया।

पेशे से चिकित्सक 28 वर्षीय करकेरा ने गोपी थोनकल (02:13:12) और मान सिंह (02:13:15) को मामूली अंतर से पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया। इन तीनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और आखिर में वह बहुत कम अंतर से फिनिश लाइन तक पहुंचे। इन तीनों खिलाड़ियों ने इस तरह से एशियाई खेलों में पुरुष मैराथन के लिए दो घंटे 15 मिनट, 04 सेकेंड के क्वालिफाइंग मार्क को आसानी से हासिल कर दिया।

महिलाओं के वर्ग में हालांकि कोई भी भारतीय खिलाड़ी 2:31:52 के एशियाई क्वालिफाइंग मार्क को हासिल नहीं कर पाई। महिला वर्ग में ठाकुर निर्मबेन (02:41:15) ने पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने भागीरथी (02:43:28) और अश्विनी जाधव (02:56:59) को पीछे छोड़ा। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) से मान्यता प्राप्त इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 31 देशों और 490 शहरों के 30,000 से अधिक धावकों ने भाग लिया। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह और टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना ने सुबह मैराथन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बाद में विजेताओं को शानदार ट्राफियां और पुरस्कार राशि प्रदान की। कुलदीप कुमार (01:08:51) और जेनेट शिकुर रेशिद (01:19:36) ने हाफ मैराथन में जीत हासिल करके अपनी श्रेष्ठता साबित की।

रिलेटेड पोस्ट्स