अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या के पचासों से जिम्बाब्वे पस्त

भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से रौंदकर टी-20 विश्व कप किया बाहर

खेलपथ संवाद

चेन्नई। हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा के शानदार अर्धशतकों से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ के एकतरफा मैच में जिम्बाब्वे को जहां 72 रन से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा वहीं मेहमान टीम को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

भारत की जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप एक से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को होने वाले मैच से ग्रुप से सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम का फैसला होगा। भारत के 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट (नाबाद 97 रन, 59 गेंद, छह छक्के, आठ चौके) के अर्धशतक और कप्तान सिकंदर रजा (31) के साथ उनकी तीसरे विकेट की 72 रन की साझेदारी के बावजूद कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी और छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

अक्षर पटेल (35 रन पर एक विकेट), वरुण चक्रवर्ती (35 रन पर एक विकेट) और शिवम दुबे (46 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया। फॉर्म में वापसी करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक (55, 30 गेंद, चार छक्के, चार चौके) और पंड्या (नाबाद 50, 23 गेंद, चार छक्के, दो चौके) के धमाकेदार अर्धशतक से भारत ने चार विकेट पर 256 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा और मौजूदा टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर है। पंड्या ने तिलक वर्मा (नाबाद 44, 16 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के साथ पांचवें विकेट के लिए 31 गेंद में 84 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले अभिषेक ने संजू सैमसन (24) के साथ पहले विकेट के लिए 48 और इशान किशन (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करने भारत को ठोस मंच दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (33) ने भी उपयोगी पारी खेली। जिम्बाब्वे के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार ओवर में 62 रन लुटाकर एक विकेट हासिल किया। ब्रेड इवांस ने भी चार ओवर में 52 रन खर्च किए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरे जिम्बाब्वे ने पावर प्ले में 44 रन बनाकर धीमी, लेकिन अच्छी शुरुआत की।

ताडिवनाशे मरुमानी ने पंड्या और चक्रवर्ती पर छक्के मारे जबकि बेनेट ने जसप्रीत बुमराह का स्वागत दो चौकों के साथ किया। मरुमानी को 17 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला जब चक्रवर्ती की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी रिंकू सिंह उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। मरुमानी (20) हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और अक्षर की गेंद को प्वाइंट पर सीधे इशान किशन को कैच दे बैठे। बेनेट ने नौवें ओवर में अक्षर पर दो छक्कों और एक चौके से रन गति में इजाफा किया लेकिन डियोन मायर्स (06) ने चक्रवर्ती की गेंद पर तिलक को कैच थमा दिया।

बेनेट ने बुमराह पर छक्के के साथ 34 गेंद में मौजूदा टूर्नामेंट का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। रजा ने अक्षर पर चौके के साथ 14वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने इस पारी के दौरान तीन हजार टी20 अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए। बेनेट ने शिवम दुबे का स्वागत दो छक्के और दो चौके के साथ किया जिससे ओवर में 26 रन बने। जिम्बाब्वे को अंतिम पांच ओवर में 126 रन की दरकार थी। रजा ने अर्शदीप पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर अभिषेक को कैच थमाया।

अर्शदीप ने रेयान बर्ल (00) को पगबाधा करने के बाद टोनी मुनयोंगा (11) को बोल्ड किया। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 80 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। सैमसन ने नगारवा की मैच की दूसरी गेंद पर छक्के से खाता खोला और फिर ब्लेसिंग मुजरबानी (43 रन पर एक विकेट) पर भी छक्का जड़ा। अभिषेक ने टिनोटेंडा मपोसा (40 रन पर एक विकेट) का स्वागत दो चौकों और एक छक्के से किया, जिससे तीसरे ओवर में 23 रन बने। सैमसन हालांकि मुजरबानी के अगले ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर रेयान बर्ल को कैच दे बैठे।

रिलेटेड पोस्ट्स