टी20 विश्व कप में क्या भारत कर पाएगा चमत्कार?
इतिहास में कोई टीम लगातार दो खिताब नहीं जीत पाई
न्यूजीलैंड से भारतीय टीम आज तक नहीं जीत पाई
खेलपथ संवाद
अहमदाबाद। टी20 विश्व कप के इतिहास में अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार खिताब नहीं जीत पाई है या यूं कहें कि अपने टाइटल को डिफेंड नहीं कर पाई है। ऐसे में भारत के पास इस बार इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की अगुआई में 2024 में टी20 विश्व कप जीतकर लंबे समय बाद यह खिताब अपने नाम किया था। अब अगर टीम इंडिया 2026 का फाइनल भी जीत जाती है तो वह टी20 विश्व कप इतिहास में लगातार दो ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।
फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीमों को शुरुआती स्टेज में जूझना पड़ा है और किसी तरह लड़ते-गिरते फाइनल में पहुंची है। भारत ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी मैच जीते और सुपर-8 में पहुंची। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद टीम ने लगातार दो मैच जीते और सेमीफाइनल में जगह बनाई। फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची है। वहीं, न्यूजीलैंड को ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से हार मिली। सुपर-8 में भी इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के दम पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गई। फिर उसने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर रिकॉर्ड बनाया और फाइनल में पहुंची। अब दोनों टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी।
इंग्लैंड को सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में हराने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। वहीं, न्यूजीलैंड ने भी सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में हराया था और नौ विकेट से जीत हासिल की थी। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प रहने की उम्मीद है।
टी20 विश्व कप के सबसे सफल देश
टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने दो-दो बार खिताब जीता है, लेकिन इनमें से कोई टीम लगातार दो खिताब नहीं जीत सकी है। भारत ने भी 2007 और 2024 में ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में ट्रॉफी जीती। वेस्टइंडीज ने 2012 और 2016 में खिताब जीता था। भारत अगर विश्वकप जीता तो तीन टी20 विश्वकप खिताब जीतने वाली पहली टीम बनेगी। यही वजह है कि इस बार भारत के सामने एक बड़ा ऐतिहासिक मौका है। इसके अलावा पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका एक-एक बार चैंपियन बन चुके हैं।
टी20 विश्व कप की विजेता टीमें
मेजबान साल विजेता
दक्षिण अफ्रीका 2007 भारत
इंग्लैंड 2009 पाकिस्तान
वेस्टइंडीज 2010 इंग्लैंड
श्रीलंका 2012 वेस्टइंडीज
बांग्लादेश 2014 श्रीलंका
भारत 2016 वेस्टइंडीज
ओमान/यूएई 2021 ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया 2022 इंग्लैंड
अमेरिका/वेस्टइंडीज 2024 भारत
भारत/श्रीलंका 2026 ?
