अनिल कुंबले ने मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को बताया सर्वश्रेष्ठ
आरसीबी खिताब बचा सकेगी या नहीं, इस पर भी रखी अपनी राय
खेलपथ संवाद
बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने आईपीएल की सर्वश्रेष्ठ दो टीमों पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा है कि आईपीएल इतिहास की सबसे महान टीमों की बात करें तो मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स लगभग बराबरी पर खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि दोनों फ्रेंचाइजी की सफलता का तरीका अलग है, लेकिन उपलब्धियां लगभग समान हैं। यही वजह है कि किसी एक टीम को दूसरे से बेहतर बताना मुश्किल है। वहीं, आरसीबी की टीम अपने खिताब का बचाव कर सकेगी या नहीं, इस पर भी अपनी राय रखी है।
जियोहॉटस्टार से बातचीत में कुंबले ने कहा, 'जब आईपीएल की सबसे महान टीम की बात होती है तो मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स लगभग बराबर हैं। दोनों में अंतर करना मुश्किल है।' कुंबले के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी ताकत उनकी टीम चयन की स्थिरता है। यह फ्रेंचाइजी अक्सर अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा करती है और लम्बे समय तक उन्हें मौका देती है। उन्होंने कहा, 'सीएसके हमेशा अपने चयन में स्थिर रही है। वे ऐसे खिलाड़ियों को चुनते हैं जो पहले से खुद को साबित कर चुके हों। पिछले साल ही हमने टीम में कुछ नए खिलाड़ियों को उभरते देखा।'
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस को नई प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें स्टार बनाने के लिए जाना जाता है। कुंबले ने उदाहरण देते हुए बताया कि कई बड़े खिलाड़ी इसी टीम से उभरकर सामने आए। उन्होंने कहा, 'मुंबई इंडियंस ने ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया जिन्हें पहले ज्यादा लोग नहीं जानते थे। हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी वहीं से उभरे। हाल में नेहल वढेरा जैसे खिलाड़ियों ने भी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, अब वढेरा पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं।'
कुंबले ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की 2025 में मिली पहली आईपीएल ट्रॉफी पर भी अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ विराट कोहली की वजह से नहीं आई, बल्कि टीम की मजबूत बॉलिंग यूनिट ने भी बड़ी भूमिका निभाई। कुंबले ने कहा, 'विराट कोहली आरसीबी की सफलता में बड़ी भूमिका निभाते हैं, लेकिन पिछले साल जब भी टीम सफल हुई, उनकी बॉलिंग यूनिट भी सामने आई। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने शानदार योगदान दिया, जबकि क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा स्पिन में सरप्राइज पैकेज साबित हुए।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि आरसीबी के गेंदबाजों ने ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई। यही वजह है कि टीम ने खिताब अपने नाम किया। मुझे लगता है कि फैंस इस बार भी विराट कोहली को देखने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम में बड़ी संख्या में आएंगे। लेकिन उन्हें इस बात पर भी गर्व होगा कि उनकी टीम के पास इतनी मजबूत बॉलिंग यूनिट है, जो मैच को बचाने और जीत दिलाने की क्षमता रखती है।'
