विश्व कप विजेताओं को बीसीसीआई का 'नमन'

शुभमन गिल और स्मृति मंधाना वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 समारोह में भारत की उन टीमों को सम्मानित किया जिन्होंने हाल के वर्षों में आईसीसी टूर्नामेंट जीतकर देश को गौरवान्वित किया। इस कार्यक्रम में जूनियर, महिला और पुरुष टीमों की ऐतिहासिक उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।

भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। टीम पूरे टूर्नामेंट में आत्मविश्वास और शानदार खेल का प्रदर्शन करती रही और लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतने में सफल रही। भारत ने ग्रुप चरण में वेस्टइंडीज, मलेशिया और श्रीलंका को हराया। इसके बाद सुपर सिक्स चरण में बांग्लादेश और स्कॉटलैंड को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम भारत के सामने टिक नहीं सकी और भारतीय टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए नौ विकेट से जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।

अंडर-19 पुरुष विश्व कप 2026

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठी बार विश्व कप का खिताब जीता। भारत पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा और किसी भी टीम को जीत का मौका नहीं दिया। भारत ने ग्रुप चरण में अमेरिका को छह विकेट से हराया। इसके बाद बांग्लादेश को 18 रन से मात देकर सुपर सिक्स चरण में प्रवेश किया। ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को डीएलएस प्रणाली से सात विकेट से हराया। सुपर सिक्स चरण में भारत ने जिम्बाब्वे को 204 रनों के बड़े अंतर से हराया। इसके बाद चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 58 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया। फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर भारतीय टीम ने खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे और अभिज्ञान कुंडू ने शानदार प्रदर्शन किया।

चैम्पियंस ट्रॉफी 2025

भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सात विकेट पर 251 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 76 रन की कप्तानी पारी खेलकर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला और जीत की राह दिखाई। भारत इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। टीम ने ग्रुप चरण में बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

महिला वनडे विश्व कप 2025

भारत की महिला टीम ने इतिहास रचते हुए महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ट ने 101 रन की पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सकीं। महिला वनडे विश्व कप का पहला टूर्नामेंट 1973 में खेला गया था और 52 साल बाद भारत ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया।

टी20 विश्व कप 2026

भारत ने टी20 विश्व कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया और पुरुष टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। इस उपलब्धि के साथ टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में खुद को सबसे सफल टीमों में और मजबूत तरीके से स्थापित कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीन आईसीसी ट्रॉफियां जीतने का भी रिकॉर्ड बनाया। टीम इंडिया ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद 2026 का टी20 विश्व कप भी अपने नाम किया और विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा।

रिलेटेड पोस्ट्स