आईपीएल चैम्पियन आरसीबी की हैदराबाद पर शानदार जीत
विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और डफी का दमदार खेल
मैच से पहले खिलाड़ियों और अधिकारियों ने रखा एक मिनट का मौन
खेलपथ संवाद
बेंगलूरु। देवदत्त पडिक्कल के 26 गेंद में 61 रन और विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक की मदद से गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 सत्र की शुरूआत शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद पर छह विकेट से जीत के साथ की। पडिक्कल और कोहली (38 गेंद में नाबाद 69) के बीच दूसरे विकेट के लिये सिर्फ 45 गेंद में 101 रन की साझेदारी की मदद से आरसीबी ने जीत के लिये 202 रन के लक्ष्य के जवाब में 15.4 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए।
फिल साल्ट के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पडिक्कल ने तेज गेंदबाज डेविड पेन के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया जबकि स्पिनर हर्ष दुबे को लगातार चौका छक्का जड़ा। उन्होंने हर्षल पटेल को चौका लगाकर सिर्फ 21 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर कोहली ने तेज गेंदबाजों जयदेव उनादकट और ऐशान मलिंगा को नसीहत दी। पावरप्ले में आरसीबी ने 76 रन बना लिये थे और सौ रन 8 . 1 ओवर में बन गए।
पडिक्कल को हेनरिच क्लासेन ने पवेलियन भेजा जिन्होंने हर्षल की गेंद पर पहले लांग आन में कोहली का कैच टपकाया था जब वह 28 रन पर थे। कोहली ने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया । वहीं आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंद में 31 रन बनाए। कोहली ने आखिर में 16वें ओवर में हर्षल की चार गेंदों पर छक्का और तीन चौके लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। इससे पहले कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट पर 201 रन बनाए।
ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की। आरसीबी के कप्तान पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर करीब दस महीने बाद क्रिकेट की वापसी हुई है। पिछले साल आरसीबी के पहली बार खिताब जीतने के बाद जश्न में मची भगदड़ के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत होने से इस मैदान पर क्रिकेट नहीं हो रहा था। आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए। न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।
अभिषेक शर्मा (सात) खुलकर खेल नहीं सके हालांकि उन्होंने डफी को बैकवर्ड प्वाइंट पर छक्का लगाया था। शॉर्ट गेंद के सामने हमेशा असहज होने वाले अभिषेक ने डफी की गेंद पर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच थमाया। इससे पहले शुरूआती ओवर में ही अभिषेक को डफी की ही गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने की अपील पर आरसीबी ने एक डीआरएस रिव्यू गंवा दिया था। ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को भी डफी ने आउट किया। सनराइजर्स ने पांचवें ओवर में ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे और पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था।
ईशान ने हालांकि दबाव में आये बिना साहसिक पारी खेली और 27 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया। उन्होंने अभिनंदन सिंह को एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। इसके बाद स्पिनर कृणाल पंड्या को भी दो छक्के जड़े। अभिनंदन ने ही हालांकि ईशान को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर फिल साल्ट के हाथों लपकवाया। आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज 59 रन ही बना सके। अनिकेत वर्मा ने 19 गेंद में 43 रन बनाए जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था।
मैच से पहले खिलाड़ियों और अधिकारियों ने रखा एक मिनट का मौन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच से पहले खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखकर उन 11 प्रशंसकों को श्रद्धांजलि दी जिनकी पिछले साल हुई भगदड़ में जान चली गई थी।
पिछले साल जून में आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब की जीत के जश्न के दौरान शहर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में यह अप्रिय घटना हुई थी। जश्न मनाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी और गेट पर बहुत ज्यादा भीड़ हो गई जिससे भगदड़ मच गई जिसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हुए और 11 लोगों की मौत हो गई।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रशंसकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आईपीएल 2026 का उद्घाटन समारोह को पहले ही रद्द कर दिया था। श्रद्धांजलि के तौर पर स्टेडियम की 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखने का फैसला किया गया है। ये सीटें इस स्टेडियम में होने वाले भविष्य के सभी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान हमेशा खाली रहेंगी।
पहले मैच के दिन राज्य के गृह मंत्री और केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने स्टेडियम के अंदरूनी प्रवेश द्वार के पास एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया। मैच से पहले वार्म-अप के दौरान आरसीबी के सभी खिलाड़ियों ने 11 नंबर वाली जर्सी पहनी थी। इस दुखद घटना के बाद भीड़ प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये का निवेश किया गया।
