राजीव एकेडमी के विद्यार्थियों को मिला अंतरराष्ट्रीय करियर मार्गदर्शन
विशेषज्ञ कृष्णा सिंह ने कार्यशाला में बताईं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की खूबियां
मथुरा। आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आपका प्रतियोगी नहीं बल्कि सहयोगी है। यह टेक्नोलॉजी कई स्थितियों में बेहद काम की साबित हो रही है। यह एडवांस टेक्नोलॉजी हर तरह के काम में मदद कर रही है, ऐसे में हमें इससे डरने की बजाय इसका सदुपयोग करना चाहिए। यह बातें राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में मुख्य वक्ता कृष्णा सिंह, वाइस प्रेसिडेंट, ग्लोबललॉजिक एवं ग्लोबल हेड स्मार्ट एवं मोबाइल डिवाइसेस प्रैक्टिस, कैलिफोर्निया (यूएसए) ने छात्र-छात्राओं को बताईं।
राजीव एकेडमी में “स्टूडेंट से एआई ऑर्केस्ट्रेटर तकः एआई एजेंट्स के युग में आगे बढ़ना” विषय पर आयोजित ऑनलाइन वर्कशॉप में मुख्य वक्ता कृष्णा सिंह ने छात्र-छात्राओं को बताया कि आज के समय में कार्य करने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं, जहां एआई एजेंट्स, ऑटोमेशन और स्मार्ट वर्कफ्लो महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भविष्य में सफलता के लिए केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं बल्कि निर्णय क्षमता, ऑर्केस्ट्रेशन स्किल्स और हाइब्रिड स्किल्स अत्यंत आवश्यक होंगी।
मुख्य वक्ता ने छात्र-छात्राओं को अपने कौशल को बहुआयामी बनाने एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वर्कशॉप के दौरान छात्र-छात्राओं को प्रोडक्ट डेवलपमेंट, कोडिंग और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से यह बताया कि एआई का प्रभावी उपयोग कैसे किया जा सकता है। कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों के लिए एक स्पष्ट एक्शन प्लान प्रस्तुत किया गया, जिसमें नई तकनीकों को सीखने, एआई टूल्स के साथ अभ्यास करने और प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला के शुभारम्भ अवसर पर ट्रेनिंग एण्ड प्लेसमेंट प्रमुख डॉ. विकास जैन ने बताया कि कृष्णा सिंह ग्लोबललॉजिक में वाइस प्रेसिडेंट एवं स्मार्ट एवं मोबाइल डिवाइसेस प्रैक्टिस के ग्लोबल हेड हैं, जो कैलिफोर्निया (यूएसए) में कार्यरत हैं। वे एआई, डिजिटल इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट इनोवेशन के विशेषज्ञ हैं तथा संगठनों और विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने आयोजन की सराहना की। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में यह डर कई लोगों के दिल और दिमाग में बैठ गया है कि एआई हमें रिप्लेस कर देगा। इतना ही नहीं, हमारी नौकरियां भी खतरे में पड़ जाएंगी, जबकि ऐसा नहीं है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अगर एआई का सही तरह से इस्तेमाल किया जाए तो यह हमारी तरक्की की वजह बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, गति और अवसर हासिल करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सदुपयोग करने की सलाह दी। संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विकास जैन ने सभी का आभार माना।
चित्र कैप्शनः ऑनलाइन वर्कशॉप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की खूबियों से रूबरू होते छात्र-छात्राएं।
