हैदराबाद की ऑलराउंड परफॉर्मेंस, कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से रौंदा
सनराइजर्स के लिए जयदेव उनादकट ने तीन और इशान मलिंगा ने दो विकेट लिए
खेलपथ संवाद
कोलकाता। हेनरिच क्लासेन (52) के जुझारू अर्धशतक और नीतिश कुमार रेड्डी (दो विकेट और 39 रन) के हरफनमौला खेल के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 65 रन से हराकर मौजूदा सत्र में जीत का खाता खोला। मैन आफ द मैच नीतिश कुमार रेड्डी ने अपने बिंदास खेल से सभी का दिल जीता।
सनराइजर्स ने आठ विकेट पर 226 रन बनाने के बाद जयदेव उनादकट (21 रन पर तीन विकेट), इशान मलिंगा (14 रन पर दो विकेट) और 'प्लेयर ऑफ द मैच' रेड्डी (17 रन पर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी से केकेआर की पारी को 16 ओवर में 161 रन पर समेट दिया। केकेआर की यह दो मैचों में दूसरी हार है। केकेआर के लिए अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन बनाए।
रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया। फिन ऐलन ने सात गेंदों में 28 रन बनाए, लेकिन उनकी तेज पारी का फायदा उठाने में टीम नाकाम रही। क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन बनाने के अलावा रेड्डी (24 गेंदों में 39 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 53 गेंदों में 82 रन की साझेदारी कर पारी को संवारा। इससे पहले ट्रैविस हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन की विस्फोटक पारी खेलकर लय में वापसी की, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन ठोके। दोनों ने पहले विकेट के लिए 34 गेंदों में 82 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। केकेआर के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार, जबकि वैभव अरोड़ा ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐलन ने शुरुआती ओवर में डेविड पेन के खिलाफ तीन चौकों और दो छक्कों के साथ शानदार शुरुआत दिलाई। दूसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए हर्ष दुबे ने अपनी ही गेंद पर कैच लपककर ऐलन की सात गेंदों में 28 रन की पारी का अंत किया। क्रीज पर आए अंगकृष रघुवंशी ने अभिषेक शर्मा के खिलाफ दो छक्के और जयदेव उनादकट के खिलाफ दो चौके जड़कर आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन दूसरे छोर पर कप्तान अजिंक्य रहाणे संघर्ष करते नजर आए। वह उनादकट की गेंद पर इशान मलिंगा को कैच दे बैठे। कैमरन ग्रीन (दो) भी रघुवंशी के साथ तालमेल की कमी के कारण रन आउट हो गए, जिससे पावरप्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 74 रन हो गया।
रघुवंशी ने 10वें ओवर में एक रन लेकर 27 गेंदों में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। रिंकू सिंह ने इसके बाद आक्रामक रुख अपनाते हुए चौके जड़े, लेकिन रघुवंशी अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके और रन आउट हो गए। रेड्डी ने गेंदबाजी पर आते ही अनुकूल रॉय को खाता खोले बिना आउट किया और फिर रिंकू सिंह को भी पवेलियन भेजा। सुनील नारायण ने क्रीज कदम रखते ही लगातार दो छक्के जड़े, लेकिन इशान मलिंगा ने अपनी धीमी गेंद पर उन्हें फंसा लिया। मलिंगा ने इसके बाद रमनदीप सिंह (10) को आउट किया, जबकि उनादकट ने लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर सनराइजर्स को बड़ी जीत दिलाई।
