ऋषभ पंत ने कप्तानी पारी खेलकर लखनऊ को चखाया जीत का स्वाद
आखिरी ओवर तक सनराइजर्स ने किया मैच बचाने को संघर्ष
खेलपथ संवाद
हैदराबाद। कप्तान ऋषभ पंत की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 156 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ ने पंत के नाबाद 68 रनों के दम पर 19.5 ओवर में पांच विकेट पर 160 रन बनाकर मैच जीता। लखनऊ ने इस तरह इस सीजन का अपना पहला मैच जीता, जबकि तीन मैचों में सनराइजर्स की यह दूसरी हार है।
हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ का रिकॉर्ड अच्छा रहा है और उसने इस टीम के खिलाफ पिछले सात में से पांच मुकाबले जीते हैं। इसमें से हैदराबाद में टीम ने चार में से तीन मैच अपने नाम किए हैं। लखनऊ अगर ये मुकाबला अपने नाम करने में सफल रहा तो इसका श्रेय पूरी तरह पंत को जाता है। एक समय मैच फंसता हुआ नजर आ रहा था, लेकिन पंत टिके रहे और उन्होंने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। पंत ने पहले 43 गेंदों पर अपना पचासा पूरा किया और फिर टीम को जीत दिलाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी की। पंत ने 50 गेंदों की अपनी पारी में नौ चौके लगाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ के लिए एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने पारी की शुरुआत की। पिछले मैच में पंत ओपनिंग करने उतरे थे, लेकिन लखनऊ टीम प्रबंधन ने एक बार फिर ओपनिंग क्रम में बदलाव किया और पंत को तीसरे नंबर पर उतारा। मार्श और मार्करम के बीच पहले विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी हुई। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे ईशान मलिंगा ने मार्श (14) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद पंत और मार्करम ने पारी आगे बढ़ाई और दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। मार्करम हालांकि, अर्धशतक लगाने से चूक गए 45 रन बनाकर आउट हुए।
लखनऊ ने फिर आयुष बदोनी (12), निकोलस पूरन (16) और अब्दुल समद (16) के विकेट गंवाए। लखनऊ को आखिरी ओवर में जीत के लिए नौ रन की जरूरत थी और हैदराबाद ने जयदेव उनादकट से आखिरी ओवर कराया। पंत ने पहली दो गेंदों पर चौका लगाकर स्कोर बराबर किया और फिर पांचवीं गेंद पर विजयी चौका लगाया। पंत तीसरे नंबर पर खेलते हुए सफल रहे। सनराइजर्स के खिलाफ पंत का बल्ला जमकर चलता है। इस टीम के खिलाफ 19 पारियों में पंत ने 44.71 के औसत और 143.24 के स्ट्राइक रेट से 626 रन बनाए हैं। इस दौरान पंत ने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है। सनराइजर्स के लिए हर्ष दुबे ने दो विकेट झटके, जबकि ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले, लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। लखनऊ ने अच्छी शुरुआत की और हैदराबाद की पारी लड़खड़ा दी, लेकिन क्लासेन और नीतीश रेड्डी के बीच पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी हुई जिससे टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही। मोहम्मद शमी ने पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) को कैच आउट कराया। शमी ने फिर अपने अगले ओवर की शुरुआत ट्रेविस हेड (7) के विकेट के साथ की। टीम शुरुआती छह ओवरों के खेल तक तीन विकेट गंवाकर सिर्फ 22 ही रन बना सकी थी। सनराइजर्स ने 26 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे।
चार विकेट गिरने के बाद नीतीश रेड्डी और क्लासेन ने मोर्चा संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक पूरे किए। सनराइजर्स के लिए क्लासेन ने 41 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 62 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 33 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। सनराइजर्स के लिए इन दोनों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने दो-दो विकेट लिए, जबकि दिग्वेश राठी और मणिरमन सिद्धार्थ को एक-एक विकेट मिले।
