चेस मुकाबले में दिखा भारतीय संस्कारों का सम्मान

उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी ने हरिका को नमस्ते कर जीता दिल

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। जर्मनी में खेले जा रहे ग्रेनके फ्रीस्टाइल चेस ओपन 2026 के दौरान एक खास पल ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। भारतीय ग्रैंडमास्टर हरिका द्रोणावली और उज्बेकिस्तान के नोर्डीबेक याकुबोएव के बीच मुकाबले से पहले का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मैच शुरू होने से पहले हरिका द्रोणावल्ली ने खेल भावना के तहत हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया, लेकिन याकुबोएव ने हाथ मिलाने के बजाय दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते किया। यह दृश्य न सिर्फ अनोखा था, बल्कि भारतीय संस्कृति के सम्मान का प्रतीक भी बन गया। सोशल मीडिया पर फैंस इस जेस्चर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब नोर्डीबेक याकुबोएव ने हाथ मिलाने से परहेज किया हो। इससे पहले भी वह भारतीय खिलाड़ी के साथ ऐसी स्थिति में नजर आ चुके हैं। पिछले साल विज्क आन जी चैलेंजर्स में उन्होंने आर वैशाली से हाथ नहीं मिलाया था, जिससे थोड़ी असहज स्थिति बन गई थी।

उस घटना के बाद नोर्डीबेक याकुबोएव ने सफाई देते हुए कहा था, 'मैं जो हुआ उसके लिए माफी मांगता हूं। यह दोनों के लिए अजीब स्थिति थी। मैं उस दिन जल्दी में था, शायद यह गलतफहमी थी। मैं आप सभी खिलाड़ियों का सम्मान करता हूं।' इस पर वैशाली ने भी सकारात्मक जवाब देते हुए कहा, 'यह समझने वाली बात है। मैंने इसे गलत तरीके से नहीं लिया। आपने माफी मांगी, यह काफी है। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है।' इस बार हरिका के साथ उनका नमस्ते करना एक सकारात्मक और सम्मानजनक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। यह घटना दिखाती है कि खेल सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि संस्कार और सम्मान का भी मंच है।

रिलेटेड पोस्ट्स