गुजरात टाइटंस की आईपीएल में सबसे कम अंतराल से जीत

दिल्ली कैपिटल्स की एक रन के अंतर से यह चौथी हार

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। प्रसिद्ध कृष्णा की अंतिम ओवर में की गई शानदार गेंदबाजी और डेविड मिलर की एक गलती से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराया। गुजरात की आईपीएल में रनों से लिहाज से ये सबसे कम अंतराल से जीत है। गुजरात ने इसके साथ ही आईपीएल के मौजूदा सीजन में जीत का खाता खोला वहीं, तीन मैचों में दिल्ली की यह पहली हार है।

दिल्ली ने लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच छह-छह विकेट के अंतर से जीते थे। दिल्ली फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरी ओर, गुजरात की टीम पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी थी, जिसके बाद आखिरकार गुजरात ने जीत का खाता खोला है। यह टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है।

गुजरात टाइटंस ने एक रन से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज की। बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी। आईपीएल के इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आखिरी ओवर तक सांसें थाम देने वाली जंग देखने को मिली। मैच का फैसला सिर्फ एक रन से हुआ, लेकिन असली टर्निंग प्वाइंट बना 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लिया गया एक फैसला। जब प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डेविड मिलर ने एक रन नहीं लिया।

यह गुजरात की आईपीएल में रनों के लिहाज से सबसे करीबी जीत है। इससे पहले टीम ने 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ छह रन से जीत दर्ज की थी जो उसकी सबसे कम अंतराल से जीत थी, लेकिन टीम ने अब इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, 2023 में गुजरात को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सात रन, 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आठ रन से और 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 रन से जीत मिली थी।

दिल्ली की टीम आईपीएल में पहली बार एक रन से नहीं हारी है। यह चौथी बार है जब टीम को एक रन के अंतराल से हार मिली है। दिल्ली कैपिटल्स को इससे पहले 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स, 2016 में गुजरात लायंस और 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों एक रन से हार का सामना करना पड़ा था। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के अलावा किसी टीम ने एक रन के अंतराल से इतने मैच नहीं गंवाए हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स