जसप्रीत बुमराह पर पोलार्ड का भरोसा कायम

बोले- मुंबई इंडियंस के लिए चिंता की कोई बात नहीं

खेलपथ संवाद

मुम्बई। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने शनिवार को यहां कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में जसप्रीत बुमराह का विकेट नहीं लेना चिंता का विषय नहीं है। वेस्टइंडीज के इस पूर्व दिग्गज ने इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि टीम तिलक वर्मा के बल्लेबाजी क्रम को लेकर लचीला रुख अपनाए रखेगी। लगातार दो हार के बाद मुंबई इंडियंस रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में वापसी की कोशिश करेगी।

पोलार्ड ने टीम के अहम मैच की पूर्व संध्या पर कहा, "कभी-कभी रक्षात्मक रुख अपनाना ही सर्वश्रेष्ठ आक्रमण होता है। हम बुमराह के विकेट नहीं लेने को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं।" राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में बुमराह की गति को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि हर स्थिति में एक ही रणनीति नहीं अपनाई जाती। उन्होंने संकेत दिया कि जब बल्लेबाज आक्रामक होते हैं, तो गेंदबाजों को अलग तरीका अपनाना पड़ता है।

पोलार्ड ने कहा कि हमारे शिविर में बुमराह को लेकर कोई चिंता नहीं है। आंकड़ों, गति या विकेटों पर हम उस तरह ध्यान नहीं देते, जैसा बाहर से देखा जाता है। हर खिलाड़ी को लचीला होना होगा। टीम की जरूरत के अनुसार बल्लेबाजी क्रम तय किया जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सूर्यकुमार यादव ने भी अलग-अलग स्थानों पर बल्लेबाजी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया है। पोलार्ड ने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि एक ही फ्रेंचाइजी के साथ लंबे समय तक जुड़े रहना बड़ी उपलब्धि है और ऐसे खिलाड़ियों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है कि कोई खिलाड़ी 15 साल तक एक ही टीम के साथ बना रहे। हमें ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान करना चाहिए और उन्हें खुद तय करने देना चाहिए कि कब उन्हें खेल से विदा लेना है। लंबे समय तक खेलने के पीछे हर किसी की अलग-अलग प्रेरणा होती हैं। इमरान ताहिर 46-47 साल के उूम्र में दुनिया भर में खेल रहे हैं। एमएस धोनी अभी भी 44 साल की उम्र में खेल रहे हैं। सौभाग्य से, मैं अभी भी 39 साल की उम्र में दुनिया भर में खेल रहा हूं। इसलिए, अलग-अलग चीजें व्यक्तियों को खेलते रहने के लिए प्रेरित करती हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स