के.डी. हॉस्पिटल के चिकित्सा शिविरों से हजारों ग्रामीण लाभान्वित
आझई खुर्द, जाचौंदा, पानीगांव, बरारी में चिकित्सकों ने दीं विशेषज्ञ सेवाएं
मथुरा। जनपद मथुरा के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस समय के.डी. हॉस्पिटल द्वारा लगातार गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। हाल ही में नेशनल मेडिकल आर्गनाइजेशन की पहल पर उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आझई खुर्द, जाचौंदा, पानीगांव, बरारी आदि गांवों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए जिनका हजारों ग्रामीणों ने लाभ उठाया।
आझई खुर्द, जाचौंदा, पानीगांव, बरारी आदि गांवों में लगाए गए निःशुल्क चिकित्सा शिविरों में तीन हजार से अधिक ग्रामीणों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। गांवों में लगाए गए इन शिविरों में केडी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाएं दीं। शिविर में ग्रामीणों को एक ही परिसर में मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से खुशी का माहौल देखा गया। चिकित्सा शिविरों की जानकारी देते हुए उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि मथुरा जनपद के गरीब और जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए के.डी. हॉस्पिटल द्वारा लगातार निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं।
डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि शिविर में केडी हॉस्पिटल के चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाती हैं। उन्होंने बताया कि केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के चेयरमैन मनोज अग्रवाल के सेवाभावी प्रयासों के चलते ही इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का लाभ ब्रजवासियों को मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से इन चिकित्सा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि सम्पूर्ण इलाज कराएं, इलाज बीच में कतई नहीं छोड़ें। समय-समय पर डॉक्टर को दिखाएं और उनकी सलाह अनुसार ही दवाईयां लें।
डॉ. अंकुश सिंह और डॉ. बासु गुप्ता (पीजी) ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों, टेक्नीशियनों तथा मेडिकल छात्र-छात्राओं ने सेवाएं दीं। शिविर में ग्रामीणों की बीपी, शुगर आदि की जांचें निःशुल्क की गईं। के.डी. हॉस्पिटल द्वारा लगाए गए निःशुल्क चिकित्सा शिविरों की ग्रामीणों ने प्रशंसा की तथा कहा कि क्षेत्र में बहुत से ऐसे लोग हैं जो पैसे के अभाव में अपना इलाज नहीं करवा पाते हैं, ऐसे लोगों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं हैं।
चेयरमैन मनोज अग्रवाल का कहना है कि के.डी. हॉस्पिटल का उद्देश्य हर ब्रजवासी को अच्छी व बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हम चाहते हैं कि ब्रज के किसी पीड़ित को उपचार के लिए महानगरों की तरफ न भागना पड़े। श्री अग्रवाल का कहना है चिकित्सा सेवा सबसे बड़ी मानवीय सेवा है, इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए के.डी. हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाते हैं।
चित्र कैप्शनः मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक।
