गेंदबाजों के बाद वोलवार्ट-सुने के दम पर जीती दक्षिण अफ्रीकी टीम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टी20 सीरीज में मेजबान से पिछड़ी
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने खेली 57 रनों की आक्रामक पारी
खेलपथ संवाद
डरबन। गेंदबाजों के बाद सुने लुस और कप्तान लॉरा वोलवार्ट के अर्धशतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम को आठ विकेट से हरा दिया। भारतीय महिला टीम पांच मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गई है। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के आक्रामक 57 रन के बावजूद भारतीय टीम 20 ओवर में 147 रन पर आउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर बढ़त कायम कर ली।
कप्तान वोलवार्ट (54) और लुस (57) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी के बूते दक्षिण अफ्रीका ने आसानी से ये मुकाबला अपने नाम किया। वोलवार्ट ने 34 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का, जबकि लुस ने 46 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों ने महज 73 गेंदों में 106 रन की साझेदारी कर टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की। भारतीय क्षेत्ररक्षण काफी खराब रहा और टीम ने कई आसान कैच टपकाए, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बन पाया। भारत के लिए दोनों विकेट श्रेयंका पाटिल ने लिए।
टी20 में अपना 15वां अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली ने डेब्यू कर रहीं अनुष्का शर्मा (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की अच्छी साझेदारी की। अनुष्का हालांकि इस दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखीं। शेफाली ने 38 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। भारतीय टीम 12 ओवर के बाद दो विकेट पर 97 रन के साथ अच्छी स्थिति में थी, लेकिन टीम ने इसके बाद आठ ओवर में 50 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए। प्लेयर ऑफ द मैच ट्रायोन को तुमी सेखुखुने (31 रन देकर तीन विकेट) का अच्छा साथ मिला।
