आईपीएल में पंजाब की लगातार पांचवीं जीत
अंक तालिका में दबदबा, तीन मैच गंवा चुकी लखनऊ की टीम
खेलपथ संवाद
न्यू चंडीगढ़। प्रियांश आर्या (93) और कूपर कोनोली (87) की रिकॉर्ड 182 रनों की साझेदारी के बाद मार्को यानसेन की घातक गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 54 रनों से हरा दिया। रविवार को न्यू चंडीगढ़ के महाराज यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने 20 ओवर में सात विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम निर्धारित ओवरों में पांच विकेट पर सिर्फ 200 रन ही बना सकी।
पंजाब की इस सीजन की लगातार पांचवीं जीत है। 11 अंक और +1.420 के नेट रन रेट के साथ टीम अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। वहीं, लखनऊ की टीम लगातार तीसरी हार के साथ आठवें स्थान पर है। 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स की शुरुआत शानदार रही। आयुष बदोनी और मिचेल मार्श ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.6 ओवर में 61 रन जोड़े। मार्श 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बदोनी ने 21 गेंदों में 35 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में पांच चौकै और एक छक्का लगाया। कप्तान ऋषभ पंत अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 23 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की दमदार पारी खेली। पंत ने अपनी इस पारी में एक चौका और चार छक्के लगाए।
निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह नौ रन बनाकर आउट हुए। एडेन मार्करम और मुकेश चौधरी ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 33 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए, तो मुकुल 17 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में मार्को यानसेन ने 37 रन देकर दो विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह, विजयकुमार विशक और चहल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली की तूफानी पारियों की मदद से पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में पंजाब ने 254/7 का स्कोर बनाया। यह इस सीजन में किसी भी टीम के द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले आरसीबी ने तीन विकेट पर 250 बनाए थे। इस मैच में पंजाब की शुरुआत झटके से साथ हुई। प्रभसिमरन सिंह खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें मोहम्मद शमी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद मोर्चा कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की विशाल साझेदारी हुई। यह पंजाब के लिए आईपीएल में तीसरी बड़ी साझेदारी है। इससे पहले केएल राहुल और मयंक अग्रवाल के बीच 2020 में 183 रनों की साझेदारी हुई थी। वहीं, 2011 में आरसीबी के खिलाफ एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श ने 206 रन बनाए थे।
इस दौरान प्रियांश ने महज 37 गेंदों का सामना करते हुए 93 रनों की दमदार पारी खेली। प्रियांश ने अपनी इस पारी में चार चौके और नौ गगनचुंबी छक्के लगाए। वहीं, कोनोली ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 189 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए आठ चौके और सात छक्के लगाए। हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और छह गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 5 रन बनाकर मोहसिन खान का शिकार बने। नेहल वढ़ेरा भी 7 गेंदों में 13 रन बनाने के बाद एम सिद्धार्थ का शिकार बने। इसके बाद छठे विकेट के लिए मार्कस स्टोइनिस और शशांक ने मिलकर सिर्फ 17 गेंदों में 44 रनों की अहम साझेदारी निभाई। शशांक छह गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, स्टोइनिस 16 गेंदों में 29 रन बनाकर रनआउट हुए।
इस मुकाबले में एडेन मार्करम काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की और 32 रन लुटाए। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में लखनऊ की तरफ से सबसे महंगा ओवर डालने वाले गेंदबाज बन गए। पंजाब किंग्स की पारी के 13वें और अपने स्पेल के पहले ओवर में उन्होंने 32 रन दिए। उनके इस ओवर में प्रियांश आर्या और कूपर कोनोली ने मिलकर कुल पांच छक्के लगाए। मार्करम से पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड रवि बिश्नोई के नाम दर्ज था। उन्होंने आईपीएल 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में 27 रन दिए थे।
