विराट कोहली और देवदत्त के धमाल से आरसीबी जीता

साई सुदर्शन का शतक बेकागगुजरात टाइटंस पांच विकेट से हारा

खेलपथ संवाद

बेंगलूरु। देवदत्त पडिक्कल ने 55 रन और विराट कोहली ने 81 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं जो साई सुदर्शन के शतक पर भारी पड़ गईं, जिससे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया। पडीक्कल और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी से आरसीबी लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गई। टीम ने अंत में 18.5 ओवर में 206 रन का लक्ष्य पूरा कर लिया और 10 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।

जैकब बेथेल के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडीक्कल ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उनका अंदाज पहली पारी में उनके प्रतिद्वंद्वियों द्वारा संभलकर रन बनाने के तरीके से बिल्कुल अलग था। कोहली ने जब खाता भी नहीं खेाला था तब मोहम्मद सिराज की गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने उनका कैच छोड़ दिया था। कोहली ने पिच के उछाल को बखूबी भांपते हुए प्रसिद्ध कृष्णा और कगिसो रबाडा का आसानी से सामना किया। कोहली ने चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दबदबा बनाया और 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर पडीक्कल भी उतने ही शानदार लय में थे।

उन्होंने कर्नाटक के अपने साथी खिलाड़ी प्रसिद्ध की गेंदों पर दो छक्के जड़े और राशिद की गेंद पर भी एक छक्का लगाया। उन्होंने अपने सीनियर खिलाड़ी (कोहली) से 10 गेंदें कम खेलकर अपना अर्धशतक पूरा किया। देवदत्त को राशिद खान ने एक बेहतरीन गेंद पर आउट किया तो कोहली को जेसन होल्डर की एक उछाल भरी गेंद ने बोल्ड किया।

इससे टीम थोड़ी मुश्किल में पड़ गई क्योंकि उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार और जितेश शर्मा के विकेट भी गंवा दिए, जिससे उनका स्कोर 173 रन पर पांच विकेट हो गया। लेकिन कृणाल पांड्या (नाबाद 23 रन, 12 गेंद) और टिम डेविड (नाबाद 10 रन) ने वहां से टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। इस तरह आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान पर खेले गए पांच मैचों में चौथी जीत दर्ज की।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के लिए कोनोली उपलब्ध

नई दिल्ली। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली शनिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के इंडियन प्रीमियर लीग मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

कोनोली (22 वर्ष) अपनी पीठ के स्कैन के लिए कुछ समय के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए थे क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी गेंदबाजी फिटनेस पर नजर रख रहा था। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर पंजाब किंग्स के कोच बहुतुले ने कहा, ''हां, वह पूरी तरह से उपलब्ध हैं। वह बस वहां गया और वापस आ गया। वह तैयार हैं और खेलने के लिए उत्सुक हैं।''

कोनोली ने अपने पहले आईपीएल सत्र में पंजाब को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 163.97 के स्ट्राइक रेट से 223 रन बनाए हैं जिसमें नाबाद 72 और 87 रन की पारियां शामिल हैं। हालांकि इस स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर ने टूर्नामेंट में अभी तक गेंदबाजी नहीं की है।

रिलेटेड पोस्ट्स