टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय महिला टीम घोषित

हरमनप्रीत कौर की टोली में यास्तिका और नंदिनी की वापसी

खेलपथ संवाद

मुम्बई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप के लिए हरमनप्रीत कौर (कप्तान) और स्मृति मंधाना (उपकप्तान) के नेतृत्व में 15 सदस्यीय मजबूत भारतीय टीम की घोषणा की है। टीम में यास्तिका भाटिया और राधा यादव की वापसी हुई है, जबकि नंदिनी शर्मा को पहली बार शामिल किया गया है। यह टीम इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।

भारत ने शनिवार को इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले आगामी महिला टी20 विश्व कप के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम में 'अनकैप्ड' (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) खिलाड़ी नंदिनी शर्मा और विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को शामिल किया। प्रतिका रावल को टीम से बाहर कर दिया गया जबकि ऑलराउंडर अमनजोत कौर चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना पाईं। हरमनप्रीत कौर सभी टीमों की कप्तानी करेंगी जबकि स्मृति मंधाना उप-कप्तान होंगी।

प्रतिका को हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल किया गया है। यह टेस्ट मैच 10 से 13 जुलाई के बीच लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जाएगा। नंदिनी मध्यम गति की गेंदबाज हैं जिन्होंने महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैच खेलकर कुल 17 विकेट लिए। वह उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं, जिसने इस साल फरवरी में बैंकॉक में आयोजित महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। चुनी गई यह टीम विश्व कप से पहले मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में भी हिस्सा लेगी। यह सीरीज 28 मई से शुरू होगी। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज और टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है-

विश्व कप टी-20 टीमः हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, ​​यास्तिका भाटिया (दूसरी विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की टीमः हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, प्रतिका रावल, ऋचा घोष, श्री चरणी, ​​यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, हरलीन देओल, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, स्नेह राणा।

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स