तुम्हें किस बात का डर, अब तो तुम विधायक होः बृजभूषण शरण सिंह

वाह विनेश वाह, कमाल का छलछन्द है तुम्हारा, गजब की पैंतरेबाज हो

खेलपथ संवाद

गोंडा। पहले कहा कि रैंकिंग टूर्नामेंट में रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा है। रजिस्ट्रेशन हो गया तो सुरक्षा को बहाना बनाकर प्रोपेगंडा करने लगी। वाह विनेश वाह, कमाल का छलछन्द है तुम्हारा। न खुद खेलना है और न चाहती हो कि दूसरे खिलाड़ी खेलें। गजब का झूठ और पैंतरेबाजी आती है तुमको।

यह प्रतिक्रिया भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवान विनेश फोगाट के सुरक्षा को लेकर जताई गई आशंका पर दी है। पूर्व सांसद ने विनेश फोगाट पर तंज कसते हुए कहा कि तुम्हें पता है ओपेन रैंकिंग टूर्नामेंट में खेलना बाध्यता नहीं है। जो खेलना चाहे खेले जो न खेलना चाहे न खेले, इसका नेशनल चैम्पियनशिप और ट्रायल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, फिर तुम इतना बतंगड़ करके नवोदित पहलवानों का भविष्य क्यों अंधकार में डुबोना चाहती हो। ये सवाल देश के हर खिलाड़ी और कुश्ती प्रेमी आपसे पूछ रहे हैं।

मैंने नेशनल ओपेन रैंकिंग टूर्नामेंट कराना शुरू किया था। इस टूर्नामेंट में 67 प्रतिशत मेडल हरियाणा के पहलवान जीतते हैं और 33 प्रतिशत मेडल अन्य प्रदेश के पहलवान पाते हैं फिर इनकी आपस में अच्छी प्रतिस्पर्धा के कारण ही भारत की कुश्ती आज दुनिया में चर्चा का विषय है। तुम जैसे लोगों के चलते तीन साल से ये टूर्नामेंट बंद है, लेकिन तुम्हारी जुबान बंद रही।

जब योगेश्वर दत्त के एकेडमी का उद्घाटन करने मैं हरियाणा गया और पहलवानों ने नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट दोबारा शुरू कराने की मांग की तब योगेश्वर दत्त के कहने पर मैंने कुश्ती संघ के सेक्रेट्री जय प्रकाश को खिलाड़ियों की मांग पर शीघ्र कार्यवाही करने और टूर्नामेंट शुरू करवाने का निर्देश दिया था। उसी का परिणाम है 10 से 12 मई के बीच आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त नंदिनीनगर में देश के हजारों पुरुष और महिला पहलवान अपना भाग्य फिर से यहां आजमायेंगे। तुम्हें किस बात का डर है अब तो तुम विधायक हो, सुरक्षा मिली होगी,चाहो तो और मिल जाएगी फिर दहशतजदा हो या साजिश की कोई पटकथा लिख रही हो।

रिलेटेड पोस्ट्स