रोहित शर्मा और रिकेल्टन के तूफान में उड़े सुपर जाइंट्स
मुंबई इंडियंस छह विकेट से जीता, लखनऊ की राहें अवरुद्ध
खेलपथ संवाद
मुम्बई। सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के अर्धशतक व दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग की तालिका की सबसे निचले पायदान की दो टीम के बीच हुए मुकाबले में सोमवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को छह विकेट से हराकर नॉकआउट में जगह बनाने की अपनी मामूली उम्मीदों को जीवंत रखा।
इस जीत से मुंबई के 10 मैच में तीन जीत से छह अंक हो गए हैं और टीम नौवें स्थान पर बनी हुई है। सुपर जाइंट्स की टीम लगातार छठी हार के बाद नौ मैच में चार अंक के साथ 10वें और अंतिम पायदान पर है। सुपर जाइंट्स के 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने चोट के बाद वापसी कर रहे रोहित (84 रन, 44 गेंद, छह चौके, सात छक्के) और रिकेल्टन (83 रन, 32 गेंद, छह चौके, आठ छक्के) के बीच पहले विकेट की 143 रन की तूफानी साझेदारी की बदौलत 8 गेंद शेष रहते चार विकेट पर 229 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।
निकोलस पूरन (63 रन, 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े, जिससे सुपर जाइंट्स ने पांच विकेट पर 228 रन बनाए। हिम्मत सिंह (नाबाद 40, 31 गेंद, दो चौके, दो छक्के) और एडेन मारक्रम (नाबाद 31, 25 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने अंत में छठे विकेट के लिए 49 गेंद में 68 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया, लेकिन दोनों रन गति में इजाफा करने में नाकाम रहे।
मुंबई की ओर से कोर्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए। अल्लाह गजनफर (50 रन पर एक विकेट), विल जैक्स (34 रन पर एक विकेट) और रघु शर्मा (36 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई इंडियंस को रिकेल्टन और रोहित ने शानदार शुरुआत दिलाई। केल्टन ने मोहम्मद शमी पर दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि मोहसिन खान पर भी छक्का जड़ा। रिकेल्टन और रोहित ने शमी के अगले ओवर में भी छक्के मारे। रोहित ने आवेश की लगातार गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों के साथ पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 71 रन तक पहुंचाया।
कप्तान हार्दिक पंड्या की पीठ में जकड़न
खराब फॉर्म से जूझ रहे मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या सोमवार को पीठ में जकड़न के कारण लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ अपनी टीम के करो या मरो के इंडियन प्रीमियर लीग मैच से बाहर हो गए। वहीं रोहित शर्मा की टीम में वापसी हुई है। भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए आए और बताया कि वह बीमार पंड्या की जगह कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। टीम के बयान में कहा गया कि हार्दिक पंड्या पीठ में खिंचाव के कारण अस्वस्थ हैं, इसलिए आज के मैच के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे। कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर पंड्या के लिए आईपीएल 2026 भुला देने वाला रहा है क्योंकि पिछले साल ग्रुप चरण में चौथे स्थान पर रहने के बाद मुंबई इंडियंस अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है।
मुंबई ने अब तक अपने 10 मैचों में से तीन जीते हैं और सात गंवाए हैं। पंड्या ने मौजूदा सत्र में अब तक 186 रन बनाए हैं और 4 विकेट लिए हैं। बीमार होने के कारण पंड्या इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी एक मैच नहीं खेल पाए थे जिसमें टीम की कप्तानी सूर्यकुमार ने की थी। इस बीच रोहित का नाम टीम सूची में पांच 'इम्पैक्ट सब' खिलाड़ियों में शामिल है। रोहित 12 अप्रैल के बाद पहली बार टीम में वापसी कर रहे हैं। उस दिन मुंबई और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुए मैच के दौरान उनके पैर की मांसपेशियों में चोट लग गई थी।
