हरिद्वार यूनिवर्सिटी में इंटर स्कूल एथलेटिक्स मीट का शानदार आयोजन

350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने दिखाया दम, डीपीएस दौलतपुर की छात्राएं प्रथम स्थान पर  

खेलपथ संवाद

रुड़की। हरिद्वार(उत्तराखंड) खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के तत्वावधान में हरिद्वार यूनिवर्सिटी, रुड़की में तृतीय इंटर स्कूल एथलेटिक्स मीट” का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरिद्वार जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 350 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि हरिद्वार यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष नमन बंसल, वाइस चांसलर आदेश आर्य, डायरेक्टर विपिन सैनी, रजिस्ट्रार लेफ्टिनेंट सुमित चौहान एवं खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष रचना देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

प्रतियोगिता में बालक वर्ग में मंटफर्ट स्कूल रुड़की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। चंद्रशेखर पब्लिक स्कूल रुड़की द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि द ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं दून पब्लिक स्कूल रुड़की चौथे स्थान पर रहा।

बालिका वर्ग में डीपीएस दौलतपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की। मंटफर्ट स्कूल रुड़की द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि नीम कला देवी पब्लिक स्कूल रुड़की ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेचर पब्लिक स्कूल चौथे स्थान पर रहा।

खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के अध्यक्ष चैम्पियन सूरज रोड ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य हरिद्वार जिले के बच्चों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार यूनिवर्सिटी में समय-समय पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा ताकि बच्चों को बेहतर मंच मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संजीत सिंह नेगी, सत्यप्रिया भारद्वाज, सैम, दीपिका गोस्वामी, अभिषेक कुमार, विन्नी, अनमोल चौधरी, सीमांत बिष्ट, रश्मि, रोहित, रेहान, सावन सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रिलेटेड पोस्ट्स