भारत के क्रिकेट स्टॉर वैभव ने तोड़ा क्रिस गेल के छक्कों का रिकॉर्ड

सचिन तेंदुलकर भी हुए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर फिदा

कहा- सूर्यवंशी के बल्ले का स्विंग बेहतरीन है

15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी इस सत्र में 65 छक्के लगा चुके

खेलपथ संवाद

मुल्लांपुर। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल एलिमिनेटर में 29 गेंद में 97 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की है और तेंदुलकर ने उनके बल्ले के स्विंग को बेहतरीन बताया है। सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक 59 छक्कों का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा। उनकी पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई। 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी इस सत्र में 65 छक्के लगा चुके हैं।

तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, ''वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का स्विंग बेहतरीन है। इससे भी खास बात यह है कि अपने पैरों पर पड़ती गेंद के लिये जगह बनाते हुए वह फ्रंटफुट का कैसे खूबसूरती से इस्तेमाल करता है। इससे वह मनचाहे शॉट खेल पाता है। उसकी पारी शानदार थी।'' विश्व कप 2011 के 'प्लेयर आफ द टूर्नामेंट' रहे युवराज सिंह ने सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि बॉस बेबी ने वर्ल्ड बॉस का रिकॉर्ड तोड़ा। इस लड़के की बल्लेबाजी अविश्वसनीय है। देखने में मजा आता है।

पूर्व हरफनमौला सुरेश रैना ने कहा कि सूर्यवंशी जैसे क्रिकेटर सुनिश्चित करते हैं कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा, ''इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी ने जो किया है, उसे बताने के लिये शब्दकोष में पर्याप्त शब्द नहीं है। क्या शानदार खिलाड़ी है। लोग उसकी बल्लेबाजी का इंतजार कर रहे हैं जिससे साबित होता है कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है।'' वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर इयान बिशप ने कहा, ''एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी की खास पारी। पहली बार आईपीएल प्लेआफ खेलते हुए 29 गेंद में 97 रन। शानदार प्रदर्शन।''

भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा, ''हम चमत्कार देख रहे हैं ।भविष्य के सितारे को देख रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी 'वंडर ब्वॉय' को देख रहे हैं।'' इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने कहा, ''सूर्यवंशी कोई मजाक है। हे ईश्वर। कवर के ऊपर से वह छक्का।'' टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक एबी डिविलियर्स ने कहा, ''दबाव में भी उसकी स्पष्टता जबर्दस्त है और वह भी सिर्फ 15 वर्ष की उम्र में। पैट कमिंस अलग अलग तरीके आजमाते रहे लेकिन उसकी लय नहीं बिगाड़ सके। इतनी कम उम्र में इतनी समझ कमाल की है।''

रिलेटेड पोस्ट्स