आरसीबी की सफलता में भुवनेश्वर कुमार का अहम योगदान

कोच ने की सराहना, कहा- अगर वो न होता तो लगातार दो ट्रॉफी नहीं जीतते

खेलपथ संवाद

अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की जमकर सराहना करते हुए कहा कि पिछले दो आईपीएल सीजन में टीम की सफलता के पीछे उनका योगदान बेहद अहम रहा है। फ्लावर ने यहां तक कहा कि अगर भुवनेश्वर दबाव के मौकों पर लगातार शानदार प्रदर्शन नहीं करते, तो आरसीबी शायद लगातार दो बार खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाती।

आरसीबी ने रविवार को खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फ्लावर ने टीम के अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका को सफलता की सबसे बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा, 'भुवी पिछले दो सीजन से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर उन्होंने दबाव भरे मुकाबलों में बार-बार मैच जिताऊ प्रदर्शन नहीं किया होता, तो शायद हमें पिछले दो वर्षों में यह सफलता नहीं मिलती।'

आईपीएल 2025 में 17 विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार ने 2026 सीजन में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए 28 विकेट झटके। वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा ने 29 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। फ्लावर ने कहा कि टीम में मौजूद अनुभवी खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों में भी ड्रेसिंग रूम का माहौल शांत और सकारात्मक बनाए रखा। उन्होंने कहा, 'हम भाग्यशाली हैं कि हमारे ड्रेसिंग रूम में ऐसे खिलाड़ी हैं जो दबाव में भी शांत रहते हैं। विराट कोहली, जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या जैसे खिलाड़ी टीम को आत्मविश्वास और स्थिरता प्रदान करते हैं।'

कोच के मुताबिक, आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबलों का दबाव विश्व कप के नॉकआउट मैचों और एशेज सीरीज जैसे बड़े टूर्नामेंटों के बराबर होता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े मुकाबले खेल चुके खिलाड़ियों का अनुभव टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ। फाइनल में गुजरात टाइटंस के मुकाबले आरसीबी कहीं अधिक आत्मविश्वास से भरी नजर आई। इस पर फ्लावर ने कहा कि लीग चरण में शानदार प्रदर्शन ने खिलाड़ियों का भरोसा मजबूत किया। उन्होंने कहा, 'पिछले साल खिताब जीतने और इस सीजन ग्रुप स्टेज में बेहतरीन क्रिकेट खेलने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। यही आत्मविश्वास फाइनल में भी दिखाई दिया।'

हालांकि, फ्लावर ने यह भी स्वीकार किया कि फाइनल मुकाबले के दौरान ड्रेसिंग रूम में तनाव मौजूद था। उन्होंने कहा, 'ऐसा लग सकता है कि टीम बिल्कुल नर्वस नहीं थी, लेकिन सच यह है कि ड्रेसिंग रूम और डगआउट में कई लोग तनाव महसूस कर रहे थे। मैं खुद भी उनमें से एक था।' फ्लावर ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में खुद को साबित करने से जो आत्मविश्वास मिलता है, वही टीम को बड़े मुकाबलों में सफल बनाता है। यही कारण है कि आरसीबी लगातार दूसरे साल आईपीएल चैंपियन बनने में सफल रही।

रिलेटेड पोस्ट्स