वैभव सूर्यवंशी को जल्द मिलेगी टीम इंडिया में जगह?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पहली बार साफ किया रुख

खेलपथ संवाद

अहमदाबाद। आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को हैरान करने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह का खेल दिखाया, उसके बाद टीम इंडिया में उनके भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए। उन्होंने 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए पूरे सीजन में गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

आईपीएल 2026 के समापन के बाद बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने वैभव की जमकर तारीफ की और उनके भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। सैकिया ने कहा, 'यह शानदार सीजन रहा। मैं उम्मीद करता हूं कि सभी प्रशंसकों ने इस आईपीएल का भरपूर आनंद लिया होगा। लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के लिए आरसीबी को बधाई। वैभव सूर्यवंशी एक बेहतरीन उभरते हुए खिलाड़ी हैं और उनका भविष्य बहुत उज्ज्वल है। बीसीसीआई उन्हें क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।' उनके इस बयान को वैभव के लिए बड़े भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल इतिहास में नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह महज 15 साल और 65 दिन की उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड साई सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने 2025 में 23 साल 231 दिन की उम्र में ऑरेंज कैप जीती थी। वहीं 2023 में शुभमन गिल ने भी युवा उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

आगामी महिला टी20 विश्व कप को लेकर भी बीसीसीआई सचिव ने भरोसा जताया। उन्होंने कहा, 'आने वाले दिनों में यही सबसे बड़ी चुनौती है। भारतीय महिला टीम पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रही है और मुझे उम्मीद है कि वह पिछले साल की तरह इस बार भी शानदार प्रदर्शन दोहराएगी।'

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, 'मैं आरसीबी को लगातार दूसरी बार आईपीएल जीतने पर बधाई देता हूं। मुकाबला अहमदाबाद में था, लेकिन बड़ी संख्या में आरसीबी के प्रशंसक वहां पहुंचे थे। यह क्रिकेट में शानदार जीत है। आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है और यह बीसीसीआई की बड़ी उपलब्धि है।'

आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर और कई व्यक्तिगत पुरस्कार जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी ने यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ भविष्य नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के वर्तमान की भी बड़ी चर्चा बन चुके हैं। अब बीसीसीआई सचिव के बयान के बाद यह सवाल और तेज हो गया है कि क्या वैभव को जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी में देखने का मौका मिलेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स