भारतीय बेटियों ने छठी बार जीती सैफ महिला चैम्पियनशिप

फुटबॉल के खिताबी मुकाबले में बांग्लादेश को 3-1 से हराया

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैफ महिला चैम्पियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने मौजूदा चैम्पियन बांग्लादेश को 3-1 से हराकर रिकॉर्ड छठी बार ट्रॉफी जीती। सात वर्षों के लम्बे इंतजार के बाद भारत ने एक बार फिर दक्षिण एशिया की चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।

भारत की ओर से प्यारी जाक्सा (42वां मिनट), सैनफिदा नोंगरुम (46वां मिनट) और लिंडा कोम सेर्टो (82वां मिनट) ने गोल किए। वहीं, बांग्लादेश के लिए एकमात्र गोल रितु पोरना चकमा ने दागा। मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रमण किए। कई मौकों के बाद 42वें मिनट में प्यारी ज़ाक्सा ने शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, पहले हाफ के अतिरिक्त समय में बांग्लादेश की रितु पोरना चकमा ने बेहतरीन गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। यह पूरे टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ हुआ पहला गोल था।

दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही भारत ने फिर बढ़त हासिल कर ली। 46वें मिनट में प्यारी जाक्सा के शानदार क्रॉस पर सैनफिदा नोंगरुम ने हेडर के जरिए गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। 82वें मिनट में बांग्लादेश की रक्षापंक्ति की गलती का फायदा उठाते हुए स्थानापन्न खिलाड़ी लिंडा कोम सेर्टो ने तीसरा गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।

भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत मालदीव पर 11-0 की बड़ी जीत से की थी, जबकि ग्रुप चरण में बांग्लादेश को भी 3-0 से हराया था। भारत ने टूर्नामेंट में कुल 18 गोल किए और केवल एक गोल खाया, जो उसके शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है। भारत ने सैफ महिला चैम्पियनशिप का पिछला खिताब 2019 में जीता था। इसके बाद 2022 और 2024 में बांग्लादेश ने ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस बार भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।

पुरस्कार विजेता- टॉप स्कोरर: अवेका सिंह (4 गोल), मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर: सैनफिदा नोंगरुम, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: पंथोई चानू एलांगबाम, भारत की इस जीत ने एक बार फिर दक्षिण एशियाई महिला फुटबॉल में उसकी बादशाहत साबित कर दी।

रिलेटेड पोस्ट्स