स्पिन आक्रमण के दम पर भारत टी20 विश्व कप का प्रबल दावेदार: रीमा मल्होत्रा

एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रीमा मल्होत्रा का मानना है कि शानदार स्पिन गेंदबाजों की मौजूदगी के कारण भारतीय महिला क्रिकेट टीम आगामी टी20 विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार है। उन्होंने कहा टीम एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज होने के साथ किसी एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है।

रीमा मल्होत्रा ने कहा, ''एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। पहले टीम को यह साबित करना था कि वह बड़े मंच पर जीत सकती है, लेकिन अब खिलाड़ियों को भरोसा है कि वे किसी भी परिस्थिति और किसी भी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।''

रीमा मल्होत्रा ने कहा कि इंग्लैंड की मौजूदा परिस्थितियों में स्पिनरों की भूमिका काफी अहम होगी और भारतीय टीम के पास इस विभाग में कई विकल्प मौजूद हैं। रीमा ने कहा, ''दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, श्री चरणी जैसी स्पिनरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। शेफाली वर्मा के पास भी विकेट चटकाने की क्षमता है।

उन्होंने कहा, ''टीम की बल्लेबाजी में विकल्पों की कोई कमी नहीं है। अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए टीम के पास रिचा घोष के साथ भारती फुलमाली का भी विकल्प है। यास्तिका भाटिया के रूप में अतिरिक्त विकेटकीपर मौजूद हैं, जबकि स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के पास बल्लेबाजी का अपार अनुभव है।''

उन्होंने कहा, ''यह टीम अब किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।'' उन्होंने उम्मीद जताई कि मंधाना और शेफाली की सलामी जोड़ी लय हासिल कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाएगी। उन्होंने कहा, '' मंधाना और शेफाली टीम के लिए बेहद अहम होंगी। ये दोनों मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं। अगर दोनों अच्छी शुरुआत देती हैं और स्पिन आक्रमण प्रभावी रहता है तो भारत के लिए ट्रॉफी जीतने की संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी।''

रिलेटेड पोस्ट्स