वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद ने जमाया तूफानी शतक
अभ्यास मैच में 87 गेंदों में खेली 103 रन की पारी
बड़े भाई वैभव की तरह क्रिकेट में बना रहा पहचान
खेलपथ संवाद
पटना/समस्तीपुर। क्रिकेट जगत में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से पहचान बना चुके वैभव सूर्यवंशी के परिवार से एक और खुशखबरी सामने आई है। इस बार चर्चा उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्होंने समस्तीपुर में खेले गए एक प्रैक्टिस मैच में शानदार शतक लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। आशीर्वाद ने धैर्य और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए शानदार सैकड़ा जमाया।
आशीर्वाद ने 87 गेंदों में 103 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 20 चौके और एक छक्का शामिल रहा। जहां वैभव अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं आशीर्वाद ने धैर्य और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पारी को अंजाम दिया। आशीर्वाद की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम का स्कोर 29.5 ओवर में 234 रन तक पहुंच गया।
आशीर्वाद शॉट मारते हुए आयुष सिंह को कैच थमा बैठे। उनका विकेट प्रशांत राज ने लिया। उनकी इस उपलब्धि को बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर साझा किया। इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने आशीर्वाद की तस्वीरें, वीडियो और स्कोरकार्ड पोस्ट कर उनके पहले शतक की जानकारी दी। भाई की इस सफलता पर उन्होंने हार्ट इमोजी के जरिए अपनी खुशी भी जाहिर की।
वहीं पिता संजीव सूर्यवंशी ने फेसबुक पोस्ट में बेटे को बधाई देते हुए कहा कि सभी लोग आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें। गौरतलब है कि इससे पहले संजीव सूर्यवंशी कह चुके हैं कि वह अगले दो वर्षों में आशीर्वाद को भी एक बेहतरीन क्रिकेटर के रूप में तैयार करना चाहते हैं।
