ब्राजील और मोरक्को के बीच रोमांचक मुकाबला ड्रॉ
विनीसियस जूनियर ने बचाई टीम की लाज
खेलपथ संवाद
ईस्ट रदरफोर्ड। रिकॉर्ड पांच बार की चैम्पियन ब्राजील की टीम फुटबॉल विश्व कप के अपने पहले मैच में असली रंग में नहीं दिखी और मोरक्को के खिलाफ ग्रुप सी के मैच में शुरू में पिछड़ गई लेकिन विनीसियस जूनियर के गोल की बदौलत 1-1 से ड्रॉ हासिल करने में सफल रही।
ब्राज़ील 2002 से खिताब नहीं जीत पाया है और उस पर इसका दबाव स्पष्ट नजर आ रहा था। दूसरी तरफ मोरक्को की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। चार साल पहले सेमीफाइनल में पहुंचने वाली मोरक्को की टीम ने पहले 30 मिनट में ब्राजील के गोल पर 12 शॉट लगाए। उसने इस बीच इस्माइल सैबारी के 21वें मिनट में किए गए गोल से बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से एक शानदार चिप शॉट से यह गोल किया। विनीसियस जूनियर ने 32वें मिनट में बराबरी का गोल किया।
विनीसियस बाएं छोर से ब्रूनो गुइमारेस के साथ पास का आदान-प्रदान करके आगे बढ़े। उन्होंने नील एल ऐनाउई को चकमा दिया और गोलकीपर यासीन बोनू को छकाते हुए दाहिने पैर से शॉट मारकर अपना 10वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया। नीसियस और ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं दिखे। विनीसियस ने कहा, ''हमारी शुरुआत बहुत खराब रही। हमें निश्चित रूप से गेंद पर नियंत्रण रखना होगा। हमें आगे बेहतर खेल दिखाना होगा।'' एंसेलोटी ने कहा, ''हमारी टीम शुरू में बैचेन लग रही थी। वह तनाव में दिख रही थी। वह काफी असंतुलित नजर आ रही थी।'' मोरक्को के कोच मोहम्मद ओउबी ने हालांकि अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश थे। उन्होंने कहा, ''हम ड्रॉ से संतुष्ट हैं। हम बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं हैं।''
