टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को पहले वनडे में सात विकेट से दी मात

कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने खेलीं तूफानी पारियां

खेलपथ संवाद

धर्मशाला। भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। शनिवार को धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में बारिश के कारण देरी हुई, जिसके बाद अम्पायरों ने मैच को 25-25 ओवर का कराने का फैसला किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज की शतकीय पारी की मदद से 24.5 ओवर में 10 विकेट पर 194 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 22.5 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

टीम इंडिया के लिए शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली। वह 66 गेंदों में 84 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, केएल राहुल भी 19 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रनों की नाबाद पारी खेलने में कामयाब हुए। 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार हुई। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। रोहित इस दौरान 16 रन बनाकर रनआउट हो गए। हालांकि, उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। बतौर ओपनर उन्होंने 16 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए।

रोहित के पवेलियन लौटने के बाद तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन ने शुभमन गिल भरपूर साथ दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 70 रनों की साझेदारी हुई। किशन 22 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान कप्तान शुभमन गिल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह वनडे में पारियों के लिहाज से सबसे तेज 3000 रन पूरे करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह कारनामा 62 पारियों में किया। इस मामले में शीर्ष पर हाशिम अमला हैं, जिन्होंने 57 पारियों में 3000 वनडे रन पूरे किए।

किशन के बाद श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए, लेकिन कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्हें जियाउर रहमान ने मोहम्मद सलीम के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों में सिर्फ 12 रन बना सके। इसके बाद मोर्चा केएल राहुल ने संभाला। उन्होंने चौथे विकेट के लिए गिल के साथ 32 गेंदों में 53 रनों की नाबाद साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। केएल 19 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रन बनाने में कामयाब हुए जबकि गिल 66 गेंदों में 11 चौके और दो छक्के की मदद से 84 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान के लिए जियाउर रहमान और राशिद खान ने एक-एक विकेट लिए।

इससे पहले, अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 26 के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। पारी की शुरुआत करने आए रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक छोर थाम रखा था। गुरबाज ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की और टीम का स्कोर 142 रन तक पहुंचाया। इस साझेदारी के दौरान गुरबाज ने अपना नौवां वनडे शतक लगाया। गुरबाज ने मात्र 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वनडे में अफगानिस्तान की तरफ से यह सबसे तेज शतक है। गुरबाज 51 गेंदों पर आठ छक्कों और आठ चौकों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए।

गुरबाज 15.3 ओवर में चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उनका विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान का मध्यक्रम और निचलाक्रम ध्वस्त हो गया। टीम 25 ओवर नहीं खेल सकी और 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई। कप्तान शाहिदी ने 27 और अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 26 रन बनाए। भारत की तरफ से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत कर रहे गुरनुर बरार और हर्ष दुबे ने शानदार गेंदबाजी की। गुरनुर ने 4.5 ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे ने पांच ओवर में 47 रन देकर तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो विकेट मिले।

रिलेटेड पोस्ट्स