श्रीलंकाई खिलाड़ी के ताने के बाद वैभव सूर्यवंशी से धक्का-मुक्की

आईसीसी आचार संहिता के तहत इस घटना की जांच हो सकती है

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। दांबुला में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के एक रोमांचक मुकाबले में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के सुपर ओवर में पहुंचने और भारत की हार के बाद मैदान पर भारी हंगामा हो गया। 15 वर्षीय भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विवाद उस समय शुरू हुआ जब श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में भारत ए को हरा दिया। मैच खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी वापस लौट रहे थे, तब वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज कुगाथास मथुलन के बीच तीखी बहस हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंकाई खिलाड़ी ने वैभव को ताना मारते हुए कहा कि 'यह आईपीएल नहीं है'। इस टिप्पणी से युवा भारतीय खिलाड़ी भड़क गया और उसने आक्रामक प्रतिक्रिया दी। हालांकि इस कथित बयान की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे बीच-बचाव के लिए आए, लेकिन वैभव ने उन्हें कथित तौर पर धक्का दे दिया। इसके बाद दोनों टीमों के सीनियर खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। यह घटना एक ऐसे मैच के बाद हुई जो पहले से ही अम्पायरिंग के फैसलों और खराब रोशनी के कारण विवादों में था।

मैच में दोनों टीमों ने निर्धारित ओवरों में 265 रन बनाए थे। इसके बाद सुपर ओवर का फैसला लिया गया, लेकिन कम होती रोशनी के कारण इसे लेकर काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा और अम्पायरों के बीच इस मुद्दे पर लम्बी चर्चा हुई। अंतत: सुपर ओवर खेला गया, जिसमें श्रीलंका ए ने 16 रन बनाए और भारत को 9 रन पर रोक कर जीत हासिल की। फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है, लेकिन आईसीसी आचार संहिता के तहत इस घटना की जांच हो सकती है।

रिलेटेड पोस्ट्स