शुभमन गिल ने बतौर कप्तान पहला वनडे शतक लगाया

फरवरी 2025 के बाद पहली बार वनडे शतक लगाया

खेलपथ संवाद

लखनऊ। भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक ठोक दिया। उन्होंने 77 गेंदों में करियर का नौवां वनडे शतक बनाया। शुभमन गिल ने भारतीय पारी के 33वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर सैकड़ा पूरा किया। उन्होंने नम्बर तीन पर आकर 13 चौकों व दो छक्कों की मदद से शतकीय पारी खेली।

शुभमन के वनडे करियर का यह सबसे तेज शतक रहा। उन्होंने इससे पहले 2023 में न्यूजीलैंड के सामने 87 गेंद में शतक बनाया था। अब 77 गेंद में यह कमाल किया। शुभमन ने छठी बार घर पर वनडे शतक बनाया है। उनके तीन शतक घर से बाहर रहे हैं। साथ ही फरवरी 2025 के बाद पहली बार उन्होंने वनडे सैकड़ा लगाया है। इससे पहले इस फॉर्मेट में उनका शतक बांग्लादेश के खिलाफ चैम्पियंस ट्रॉफी में आया था तब उन्होंने नाबाद 101 रन की पारी खेली थी।

शुभमन इससे पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान के सामने 84 रन बनाकर नाबाद रहे थे। जनवरी 2024 से घर पर उन्होंने आठ पारियों में सातवीं बार 50 प्लस का स्कोर बनाया है। इनमें से दूसरी बार शतक आया है बाकी पारियों में उन्होंने 87, 60, 112, 56, 56, 23 और नाबाद 84 रन बनाए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स