शुभमन गिल और इशान किशन के शतकों से हारे अफगानी गेंदबाज

टीमइंडिया ने अफगानिस्तान को 170 रन से रौंदा, जीत ली सीरीज

खेलपथ संवाद

लखनऊ। कप्तान शुभमन गिल और इशान किशन के शानदार शतकों के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। शुभमन गिल को बिंदास पारी के लिए मैन आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

भारत के 403 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करे हुए अफगानिस्तन की टीम अर्शदीप (45 रन पर तीन विकेट), गुरनूर बरार (60 रन पर तीन विकेट) और प्रिंस यादव (56 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के सामने कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी और अंतत: 44.3 ओवर में 232 रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने 89 गेंद में आठ चौकों से सर्वाधिक 79 रन बनाए। सेदिकुल्लाह अटल (42) और रहमानुल्लाह गुरबाज (41) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।

गिल ने बेहद गर्मी और पैर में जकड़न के बावजूद 154 रन की शानदार पारी खेली। इशान किशन ने एकदिवसीय शतक के तीन साल के इंतजार को खत्म करते हुए 125 रन बनाए, जिससे भारत ने 402 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम हालांकि 49.5 ओवर में सिमट गई। गिल और किशन ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 141 गेंद में 224 रन की तूफानी साझेदारी करके भारत के मजबूत स्कोर की नींव रखी। गिल ने 110 गेंद की अपनी पारी में 22 चौके और दो छक्के मारे। किशन ने 79 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके और सात छक्के जड़े।

अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटे (76 रन पर चार विकेट) और राशिद खान (48 रन पर तीन विकेट) की स्पिन जोड़ी ने सात मिलकर सात विकेट चटकाकर मेहमान टीम को अंतिम ओवरों में वापसी दिलाने की कोशिश की। लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान को पिछले मैच के शतकवीर रहमानुल्लाह गुरबाज ने 33 गेंद में 41 रन की पारी खेलकर एक बार फिर तेज शुरुआत दिलाई।

गुरबाज सातवें ओवर में भाग्यशाली रहे जब पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की गेंद को हवा में लहराकर अर्शदीप सिंह को कैच बैठे, लेकिन यह नोबॉल हो गई। गुरबाज जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और अगले ओवर में गुरनूर बरार की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारा। गुरबाज के आउट होने के बाद रन गति में गिरावट आई और दबाव के बीच सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान (21) अर्शदीप की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में प्रिंस के हाथों लपके गए।

रिलेटेड पोस्ट्स