राजीव एकेडमी में नियमित योगाभ्यास का दिलाया संकल्प
योग प्रशिक्षकों की निगरानी में योगासन और प्राणायाम का किया अभ्यास
खेलपथ संवाद
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट, मथुरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास सत्र का संचालन जिम ट्रेनर मयंक शक्करवाल और वर्षा शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल तथा मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन एवं सकारात्मक सोच का आधार है। अध्यक्ष डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर बेहतर जीवन जी सकता है तथा समाज के समग्र विकास में अपना योगदान दे सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
