ऑस्ट्रेलिया से हारकर टीम इंडिया टी-20 विश्व कप से बाहर

हरमनप्रीत कौर बड़ी टीमों के खिलाफ अपनी टीम के प्रदर्शन से नाखुश

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के करो या मरो मुकाबले में रविवार को भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही टीम इंडिया का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 170 रन बनाए, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मैच खत्म होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम के प्रदर्शन को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'दिन के आखिर में हमने बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर बनाया था। जब मैं बल्लेबाजी कर रही थी, तब लगा था कि हम थोड़ा कम रन बना रहे हैं, लेकिन आखिरी ओवरों में बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की। आज जिन बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद थी, वे रन बनाने की कोशिश में सफल नहीं हो सके। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने अपनी योजना के मुताबिक गेंदबाजी की। हमने विकेट ज्यादा नहीं गंवाए, लेकिन उतने रन भी नहीं बना पाए, जितने इस मैच में जरूरी थे।'

पूरे टूर्नामेंट का आकलन करते हुए हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'अगर पूरे टूर्नामेंट की बात करूं तो हमने मजबूत टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। दुनिया की बेहतरीन टीमों के खिलाफ आपका सर्वश्रेष्ठ खेल सामने आना चाहिए, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। हमें इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है। पिछले मैचों में छूटे कैचों ने भी हमें नुकसान पहुंचाया था। आज भी हम मुकाबले में बने हुए थे, लेकिन अपने तय स्तर के अनुसार नहीं खेल पाए।'

हरमनप्रीत कौर ने माना कि भारतीय टीम लम्बे समय से एक जैसी गलतियां दोहरा रही है। उन्होंने कहा, 'एक टीम के रूप में हमें कई चीजों पर दोबारा काम करना होगा। मजबूत टीमों के खिलाफ किस रणनीति के साथ खेलना है, इस पर गंभीरता से विचार करना होगा। कई बार हम मैच में अच्छी स्थिति में होते हैं, लेकिन आखिरी ओवरों में जरूरत से ज्यादा रन दे देते हैं। वहीं लक्ष्य का पीछा करते समय हम जरूरी रन नहीं बना पाते। यह समस्या काफी समय से हमारे साथ है और अब इसे जल्द से जल्द ठीक करना होगा।

रिलेटेड पोस्ट्स