विपक्षी टीमों के लिए अभेद दीवार बने गोलकीपर उनाई साइमन

लगातार पांच मैचों में नहीं खाया गोल, नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में दर्ज

खेलपथ संवाद

लॉस एंजिलिस। स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन ने फीफा विश्व कप में इतिहास रचते हुए सबसे लंबे समय तक क्लीन शीट रखने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दो विश्व कप को मिलाकर साइमन ने कुल पांच मुकाबलों में कोई गोल नहीं खाया है, जो नया रिकॉर्ड भी है। उनाई साइमन ने अपनी इस खास उपलब्धि के साथ ही 36 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।

दो विश्व कप को मिलाकर साइमन अब तक 519 मिनट तक विपक्षी टीमों के हर हमले को नाकाम करते रहे हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक मुकाम स्पेन को ऑस्ट्रिया के खिलाफ मिली 3-0 की जीत में हासिल किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड इटली के महान गोलकीपर वाल्टर जेंगा के नाम था, जिन्होंने 1990 विश्व कप में 517 मिनट तक गोल नहीं खाया था। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस उपलब्धि की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि स्पेन के उनाई साइमन ने विश्व कप मैचों में लगातार 519 मिनट तक गोल नहीं खाने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

साइमन ने यह रिकॉर्ड दो विश्व कप को मिलाकर हासिल किया है। 2026 विश्व कप में उन्होंने केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे और ऑस्ट्रिया के खिलाफ कुल 360 मिनट तक क्लीन शीट रखी। इससे पहले 2022 में हुए कतर विश्व कप में भी उन्होंने 159 मिनट तक कोई गोल नहीं खाया था। हालांकि, 2022 में स्पेन का सफर राउंड ऑफ 16 में मोरक्को के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में खत्म हो गया था, लेकिन 120 मिनट के खेल में साइमन ने कोई गोल नहीं होने दिया था, जो उनके मजबूत प्रदर्शन को दिखाता है।

उनका आखिरी बार विश्व कप में गोल 2022 में जापान के खिलाफ आया था, जब एओ तनाका ने 51वें मिनट में गोल किया था। इसके बाद से साइमन लगातार गोल रोकते आ रहे हैं। इस उपलब्धि से पहले ही साइमन ने स्पेन के पूर्व दिग्गज गोलकीपर इकर कैसिलास का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। कैसिलास ने 2010 और 2014 वर्ल्ड कप में लगातार 476 मिनट तक क्लीन शीट रखी थी।

रिलेटेड पोस्ट्स