विश्व विजेता टीम इंडिया ने कटाई नाक, टी20 में सबसे बड़ी हार
अपने दूसरे न्यूनतम स्कोर पर ऑलआउट हुए भारतीय लड़ाके
पहली बार 100+ रनों के अंतर से हारी भारतीय टीम, लगातार पांच पराजय
खेलपथ संवाद
नॉटिंघम। इंग्लैंड ने भारत को तीसरे टी20 मुकाबले में 125 रनों के बड़े अंतर से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारत की इस प्रारूप में रनों के लिहाज से ये सबसे बड़ी हार है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 11.4 ओवर में 76 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंच सके, लेकिन कोई भी 13 रन से ज्यादा नहीं बना पाया।
भारत को पहली बार टी20 में 100+ रनों के अंतर से हार मिली है। इससे पहले टीम को इस प्रारूप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली थी। 2019 में वेलिंगटन में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 80 रनों के अंतर से हराया था। इतना ही नहीं, दक्षिण अफ्रीका ने 2026 में टीम इंडिया को 76 रनों से हराया था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत अब तक एक भी मैच नहीं जीत सका है। पहले उसे आयरलैंड ने 0-2 से हराया और अब इंग्लैंड ने सीरीज में बढ़त बना ली है। इस सीरीज के दो मैच शेष हैं यानी भारत अब यहां से सीरीज अपने नाम नहीं कर सकता। ऐसे में अब उसकी कोशिश बराबरी करने की होगी।
भारत के लिए ब्रिटेन दौरा बेहद निराशाजनक रहा है। टीम पहली बार टी20 में लगातार पांच मैचों से जीत नहीं दर्ज कर सकी है। टीम को चार हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। इससे पहले जून से दिसंबर 2009 तक और जुलाई 2021 से अक्तूबर 2021 तक टी20 में लगातार चार हार का सामना करना पड़ा था। श्रेयस की कप्तानी में भारत लगातार चार मैच हार चुका है। इंग्लैंड के साथ उसका पहला मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा था। दोनों टीमों के बीच अब चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल में खेला जाएगा।

सात बल्लेबाजों ने बनाए 10 से कम स्कोर
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने आक्रामक शुरुआत दिलाने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही पहला झटका लगा, भारत की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढेर होती चली गई। भारत के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बल्ले से 13-13 रन निकले। वहीं, सात बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर ही बना सके। इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर को तीन विकेट मिले। आदिल राशिद ने दो और विल जैक्स ने एक विकेट लिया।
इससे पहले फिल सॉल्ट के अर्धशतक की मदद से इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 202 रनों का लक्ष्य दिया। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड के लिए सॉल्ट ने सबसे ज्यादा 44 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। वहीं, सैम करन 24 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 41 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा जोस बटलर ने 36, हैरी ब्रूक ने 16, विल जैक्स ने 14 और जैकब बैथेल ने 13 रन बनाए। भारत की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा को दो-दो विकेट मिले, जबकि अक्षर पटेल को एक सफलता मिली।