अर्जेंटीना का दमदार प्रदर्शन, विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचा
स्विट्जरलैंड को अतिरिक्त समय में 3-1 से दी करारी मात
खेलपथ संवाद
कंसास सिटी। अतिरिक्त समय में जूलियन अल्वारेज और लौतारो मार्तिनेज के गोल की मदद से मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर विश्व कप सेमीफाइनल में जगह बना ली जहां उसका सामना इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला उतना आसान नहीं था जितना सोचा जा रहा था। विश्व कप में लगातार गोल करने का लियोनेल मेस्सी का नौ मैचों का सिलसिला टूट गया लेकिन लगातार दूसरे खिताब से अब वह सिर्फ दो जीत दूर हैं।
अर्जेंटीना के लिये मेस्सी की कॉर्नर किक पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने पहला गोल किया था। दूसरा हाफ काफी नाटकीय रहा और एक बार फिर रैफरी के फैसले के बाद आलोचक मुखर हो जायेंगे कि टूर्नामेंट में अर्जेंटीना का पक्ष लिया जा रहा है। स्विट्जरलैंड ने 67वें मिनट में डैन एनडोये के गोल की मदद से बराबरी की थी जब ब्रील एम्बोलो से टकराने के कारण लिएंड्रो पेरेदेस को येलो कार्ड दिखाया गया। वीडियो से हालांकि जाहिर था कि स्विस खिलाड़ी एम्बोलो अर्जेंटीना के मिडफील्डर से टकराने से पहले ही गिर रहे थे।
एम्बोलो को मैच में पहले ही येलो कार्ड मिल चुका था जो उसे रेडकार्ड में बदल दिया गया। स्विट्जरलैंड को आखिर में दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इस विश्व कप में दूसरी बार येलो कार्ड का फैसला बदला गया है। नियमों के अनुसार अगर गलत खिलाड़ी को येलो या रेडकार्ड मिलता है तो वीडियो सहायक रैफरी दखल दे सकता है।
