राज्यपाल के हाथों सम्मानित हुए के.डी. मेडिकल और डेंटल कॉलेज के मेधावी
एबीवीएमयू के दीक्षांत समारोह में डॉ. ऋचा तिवारी और डॉ. राधा को मिले गोल्ड मेडल
डॉ. उत्कर्ष सिंह को पीडोडोंटेक्स एण्ड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री में मिला सिल्वर मेडल
मथुरा। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के दूसरे दीक्षांत समारोह में करतल-ध्वनि के बीच राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के करकमलों से मथुरा के कांती देवी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर तथा कांती देवी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की दो मेधावी छात्राओं को गोल्ड मेडल तथा एक छात्र को सिल्वर मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह आदि ने प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले भावी मेधावी चिकित्सकों को शाबाशी दी।
एबीवीएमयू के दूसरे दीक्षांत समारोह में कांती देवी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर, मथुरा की ऐतिहासिक शैक्षिक परम्परा को आगे बढ़ाने वाली मेधावी छात्रा डॉ. ऋचा ज्योतिभूषण तिवारी को एमडी-पीडियाट्रिक्स तथा कांती देवी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की डॉ. राधा कुमारी को पेरियोडोंटोलॉजी में सर्वोच्च अंक हासिल करने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह में कांती देवी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल मथुरा को दोहरी खुशी मिली। कॉलेज के डॉ. उत्कर्ष सिंह को पीडोडोंटेक्स एण्ड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री में दूसरा स्थान हासिल करने पर सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रदेश के सम्बद्ध कॉलेजों के एमबीबीएस, एमडी, एमएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां तथा 55 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड और सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के साथ ही राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उन्हें चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिक मूल्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई।
केडी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल, कांती देवी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, कांती देवी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर, उप-कुलपति डॉ. गौरव सिंह, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, विभागाध्यक्ष पेरियोडोंटोलॉजी डॉ. शैलेंद्र चौहान, विभागाध्यक्ष पीडोडोंटेक्स एण्ड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री डॉ. सोनल गुप्ता आदि ने डॉ. ऋचा तिवारी, डॉ. राधा कुमारी तथा डॉ. उत्कर्ष सिंह की शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें समाज में सेवाभाव की नजीर प्रस्तुत करने की शुभकामनाएं दीं।
केडी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि हर छोटी-बड़ी सफलता खुशी और कुछ नया करने का उद्देश्य देती है। हमारा उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को अच्छे शैक्षिक वातावरण के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बीच व्यावहारिक प्रशिक्षण दिलाना है। श्री अग्रवाल ने कहा कि योग्य चिकित्सक ही स्वस्थ समाज के सपने को साकार करने के साथ चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई प्रदान कर सकते हैं।
चित्र कैप्शनः केडी मेडिकल कॉलेज की छात्रा डॉ. ऋचा तिवारी को सम्मानित करते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, दूसरे चित्र में अपने मार्गदर्शक प्राध्यापकों के साथ कांती देवी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की डॉ. राधा कुमारी और डॉ. उत्कर्ष सिंह।
