विश्व मंच पर फहरा भारतीय प्रतिभा का परचम
अंतरराष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलम्पियाड में भारतीय चौकड़ी का कमाल
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। लिथुआनिया के विनियस में आयोजित 37वें अंतरराष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलम्पियाड में भारतीय होनहारों ने नई पटकथा लिखते हुए मादरेवतन का मान बढ़ाया है। भारतीय टीम के सभी चारों प्रतिभागियों ने पदक जीतकर इतिहास रच दिया। एक स्वर्ण सहित चार पदक जीतने वालों में सौमिल मैती, निशित कलानी, अनमोल कुमार और हरियाणा की होनहार बेटी भाव्या गुनवाल शामिल हैं।
देश को गौरवशाली पलों की अनुभूति कराने वाली इन प्रतिभाओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि आपकी सफलता भारत की वैज्ञानिक क्षमता, युवा प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। आप सभी निरंतर नई ऊंचाइयाँ छूते रहें और विश्व पटल पर तिरंगे का मान बढ़ाते रहें।
प्रधानमंत्री ने टीम के चारों सदस्यों के पदक जीतने को अप्रत्याशित क्षण माना। श्री मोदी ने कहा कि भव्य गुणवाल, सौमिल मैती, निशित कलानी और अनमोल कुमार ने आणविक जीवविज्ञान और जैव रसायन, वर्गीकरण विज्ञान और पादप संकलन जीवविज्ञान जैसे विषयों में अपार ज्ञान का प्रदर्शन किया है और उनकी सफलता से कई और युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री ने X पर पोस्ट किया: यह अत्यंत खुशी की बात है कि लिथुआनिया के विनियस में आयोजित 37वें अंतरराष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलम्पियाड में भारतीय टीम के सभी चार सदस्यों ने पदक हासिल किए, जिनमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है।
भव्या गुणवाल, सौमिल मैती, निशित कलानी और अनमोल कुमार को ओलम्पियाड में उनकी सफलता पर गर्व है। उन्होंने आणविक जीवविज्ञान और जैव रसायन, पशु शरीर क्रिया विज्ञान, पशु आकारिकी और वर्गीकरण के साथ-साथ पादप संकलन जीवविज्ञान जैसे विषयों में अपार ज्ञान का प्रदर्शन किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह सफलता कई और युवाओं को प्रोत्साहित करेगी।
