आर्यन शर्मा और जेसन सांघा लेंगे एमआरआफ पेस अकादमी में प्रशिक्षण

भारतीय मूल के होनहार ऑस्ट्रेलिया की उस 'डेवलपमेंट टीम' में शामिल  

खेलपथ संवाद

मेलबर्न। भारतीय मूल के खिलाड़ी आर्यन शर्मा और जेसन सांघा को ऑस्ट्रेलिया की उस 'डेवलपमेंट टीम' में शामिल किया गया है जो अगले महीने एमआरएफ पेस अकादमी में प्रशिक्षण लेगी। ऑस्ट्रेलिया की यह टीम एमआरएफ अकादमी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए एक से 13 अगस्त तक चेन्नई की यात्रा करेगी।

अपने इस दौरे के दौरान यह टीम पांच से छह जून तथा 10 से 11 अगस्त को दो मैच खेलेगी। यह दोनों मैच दो दिवसीय होंगे और यह स्पिनरों के लिए अनुकूल पिचों पर खेले जाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, ''चेन्नई का दौरा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय विकास कार्यक्रम के तहत देश के कुछ होनहार खिलाड़ियों को अपने खेल में निखार लाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।''

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान टिम पेन और एंथनी क्लार्क को इस टीम का कोच नियुक्त किया गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय विकास प्रमुख सोन्या थॉम्पसन ने कहा, ''इस दौरे से हम ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में प्रतिभा का आकलन कर सकते हैं। इससे खिलाड़ियों का विकास जारी रखने के साथ उन्हें विदेश की परिस्थितियों का अनुभव हासिल करने में भी मदद मिलेगी।''

रिलेटेड पोस्ट्स