अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

मुम्बई के खिलाड़ी ने 20 साल के करियर को कहा अलविदा

खेलपथ संवाद

मुम्बई। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। लगभग दो दशक लंबे अपने शानदार करियर को विराम देते हुए रहाणे ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा किया और कहा कि अब आगे बढ़ने का सही समय आ गया है।

रहाणे ने कहा, "जीवन का सच यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और उसका अंत भी होता है। जब समय आता है तो उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। बल्लेबाजी में मैंने हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया और आज मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का यही सही समय है।"

उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका सपना भारत की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना था और उन्होंने हर मैच में देश और टीम को खुद से ऊपर रखा। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी के साथ क्रिकेट खेला और यही विश्वास रखा कि यदि इरादा सही हो तो खेल आपका साथ देता है।

रहाणे ने अपने करियर को याद करते हुए कहा कि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण के बाद से भारतीय क्रिकेट ने काफी प्रगति की है और वह इस सफर का हिस्सा बनकर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय करियर समाप्त होने के बावजूद उनका क्रिकेट से रिश्ता बना रहेगा और वह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।

उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए), अपने साथियों, कोचों, आईपीएल फ्रेंचाइजी, परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों का आभार भी व्यक्त किया। अपने संदेश के अंत में रहाणे ने कहा, "क्रिकेट ने मुझे कई बार हार दिखाई, लेकिन एक जगह मैं कभी नहीं हारा और वह आपके दिल हैं। आपके प्यार, विश्वास और समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278, साइनिंग ऑफ।"

रिलेटेड पोस्ट्स