प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के पदकवीरों का बढ़ाया हौसला
कहा- जो खेलेगा, वो खिलेगा, हमेशा भारत का गौरव बढ़ाइए
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों से पदक जीतकर लौटे भारतीय खिलाड़ियों से रविवार को नयी दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी। मोदी ने ‘इंस्टाग्राम’ पर खिलाड़ियों से हुई मुलाकात का वीडियो साझा किया। खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान मोदी ने कहा, ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत का हौसला बढ़ाइए।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले भारत के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से नई दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करत हुए पीएम मोदी ने लिखा, '7, लोक कल्याण मार्ग पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के हमारे शानदार मेडल विजेताओं की मेजबानी करके बहुत खुशी हुई। गेम्स के दौरान उनके अनुभवों के बारे में सुना। उन सभी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X अकाउंट पर इस मुलाकात का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसकी शुरुआत विमेंस 51 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड जीतने वाली बॉक्सर साक्षी चौधरी ने की। इस वीडियो में साक्षी ने कहा, 'हैलो फ्रैंड्स, मैं साक्षी चौधरी। आज हम सभी कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट को आदरणीय प्रधानमंत्री सर ने बुलाया है। हमें इस पर काफी गर्व महसूस हो रहा है। हमें प्रधानमंत्री से मिलकर बहुत खुशी हुई। वह बहुत विनम्र हैं।'
इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, 'जो खेलेगा, वो खिलेगा, ऑलवेज चियर फोर भारत।' अपनी बात समाप्त करते हुए पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ 'भारत माता की जय' का उद्घोष किया। ग्लास्गो में भारत ने पदक तालिका में 39 पदकों (13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज) के साथ चौथा स्थान हासिल किया, जबकि प्रतियोगिता का कार्यक्रम काफी छोटा कर दिया गया था और इसमें कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी और शूटिंग जैसे ज्यादा पदक वाले खेल शामिल नहीं थे।
भारतीय बॉक्सिंग टीम ग्लासगो से सात गोल्ड और तीन सिल्वर मेडल लेकर लौटी। वहीं, जूडो टीम ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए चार मेडल जीते। इनमें दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल रहे। एथलेटिक्स में भारत को 10 मेडल मिले, जिनमें पांच सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज शामिल थे। गुलवीर सिंह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में दो व्यक्तिगत मेडल जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक एंड फील्ड एथलीट बने; जिन्होंने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर और 5,000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
