टीम इंडिया ने स्वतंत्रता दिवस पर दिया देश को जीत का तोहफा
वेल्स को रौंदकर हॉकी वर्ल्ड कप में किया विजयी आगाज
अब हरमनप्रीत सिंह की टोली को अंग्रेजों से करना होगा दो-दो हाथ
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने स्वतंत्रता दिवस पर फैंस को शानदार तोहफा दिया। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने जीत के साथ हॉकी विश्व कप 2026 का आगाज किया। वैगनर हॉकी स्टेडियम, अम्स्टेलवीन (नीदरलैंड) में खेले गए अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने वेल्स को 3-1 से हराया।
भारत की ओर से संजय राणा और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (2) ने गोल किए। वहीं वेल्स के लिए इकलौता गोल सैम वेल्श ने किया। भारत अपने अगले मैच में इंग्लैंड का सामना करेगा। यह मुकाबला 17 अगस्त को शाम 6:30 बजे से खेला जाएगा।
भारतीय कप्तान ने गोलकीपर टोबी रेनॉल्ड्स-कॉटरेल को छकाते हुए एक शानदार ड्रैग फ्लिक किया। 14वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। मौके तो बने पर दोनों टीम गोल दागने में नाकाम रहीं। हाफ टाइम तक भारत के पास 2-0 की बढ़त थी।
तीसरे क्वार्टर में भारत को 42वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। टीम इंडिया ने इसका पूरा लाभ उठाया और स्कोर में इजाफा किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोलकीपर के बाईं ओर ड्रैग-फ्लिक कर गोल दागा। मुकाबले में सरपंच साहब का दूसरा और विश्व कप मं 8वां गोल था। हरमनप्रीत अपना दूसरा विश्व कप खेल रहे हैं।
पिछले वर्ल्ड कप में उन्होंने 6 गोल किए थे। वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले भारतीय हैं। आखिरी क्वार्टर में वेल्श ने गोल कर वेल्स टीम का खाता खोला। उन्होंने 55वें मिनट में यह गोल किया। अंपायर ने वीडियो चेक करने के बाद यह गोल दिया।
अब अंग्रेजों से करना होगा दो-दो हाथ
पूल डी में शामिल भारतीय टीम का अगला मैच सोमवार को इंग्लैंड के खिलाफ होगा। भारतीय टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए जरुरी है कि वेल्स की तरह ही इंग्लैंड पर भी बड़ी जीत दर्ज करे हालांकि, टीम इंडिया के लिए वेल्स की अपेक्षा इंग्लैंड टीम कड़ी चुनौती पेश करेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 141 मैच खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। इंग्लैंड ने 90 मैच जीते हैं, जबकि भारतीय टीम ने 28 मैच जीते हैं। 23 मैच ड्रा रहे हैं। वहीं, हॉकी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में इंग्लैंड और इंडिया ने 9 मैच खेले हैं। इंग्लैंड को 4, जबकि भारतीय टीम को 3 मैचों में जीत मिली है। 2 मैच टाई रहे हैं। किसी एक मैच में इंग्लैंड ने सर्वाधिक 3, जबकि भारत ने 4 गोल किए हैं। इंग्लैंड और भारत दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ 15-15 गोल किए हैं। विश्व कप में भारत ने इंग्लैंड को बराबर की टक्कर दी है। सोमवार को होने वाले मुकाबले में हरमप्रीत एंड कंपनी को दमदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को पछाड़ना होगा। बता दें कि भारतीय टीम ने 1975 के बाद हॉकी विश्व कप में पदक नहीं जीता है।
