क्रिकेट के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स विराट कोहली के नाम

18 साल का सफर, रिकॉर्ड्स की लिखी नई मिसाल

खेलपथ संवाद

चंडीगढ़। 18 अगस्त 2008 का दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास बन गया था। इसी दिन युवा विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। डेब्यू मैच में उन्होंने 12 रन बनाए, लेकिन शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यही खिलाड़ी आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ी कहानियों में से एक लिखेगा। 2008 में अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले दिल्ली के इस युवा बल्लेबाज ने धीरे-धीरे खुद को दुनिया के सबसे प्रभावशाली क्रिकेटरों में शामिल कर लिया।

विराट का इंटरनेशनल सफर भले ही छोटी पारी से शुरू हुआ, लेकिन इसके बाद उन्होंने रन, शतक और रिकॉर्ड्स की ऐसी झड़ी लगाई जिसने क्रिकेट की कई पुरानी धारणाएं बदल दीं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम 28 हजार से ज्यादा रन और 85 शतक दर्ज हैं। अब क्रिकेट फैंस उनके 100 इंटरनेशनल शतकों की संभावित उपलब्धि पर नजर लगाए हुए हैं।

विराट के नाम सबसे खास उपलब्धियों में से एक है- एक ही दशक में 20 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाना। 2010 से 2019 के बीच उन्होंने 20,960 रन बनाए। ऐसा करने वाले वह दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं। इसी दौर में उन्होंने 69 शतक और 98 अर्धशतक भी लगाए।

2018 विराट के करियर के सबसे शानदार वर्षों में रहा। उन्होंने एक ही साल में आईसीसी क्रिकेटर आफ द इयर, टेस्ट प्लेयर आफ द इयर और वनडे प्लेयर आफ द इयर तीनों बड़े सम्मान अपने नाम किए। इस साल उन्होंने 2,735 रन बनाए और 11 शतक जड़े। कुल मिलाकर विराट के नाम 10 आईसीसी अवॉर्ड हैं।

विराट के नाम एकदिवसीय में गैर-ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा 150+ स्कोर, लगातार 10 पारियों में 995 रन और सबसे तेज 10,000 एकदिवसीय रन जैसे रिकॉर्ड भी हैं। वह एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस दोनों पर इंटरनेशनल शतक लगाया।

चेज में विराट का अलग ही अंदाज

350 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की तीन जीतों में विराट ने शतक लगाया है। टी-20 विश्व कप में भी वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा आईपीएल में नौ बार 500 या उससे अधिक रन बनाकर उन्होंने अपनी निरंतरता साबित की है।

टेस्ट में सात दोहरे शतक लगाने वाले विराट ने ये उपलब्धि डॉन ब्रैडमैन से भी कम समय में हासिल की। इंटरनेशनल क्रिकेट में 22 प्लेयर आफ द सीरीज अवॉर्ड और आईसीसी व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट्स में 3,834 रन उनके बड़े मैचों के खिलाड़ी होने की गवाही देते हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स