बॉस्केटबॉल में एपीएस क्लेमेंट टाउन टीम बनी विजेता

सेंट्रल कमांड फाइनल बॉयज बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट के लिए किया क्वालीफाई

खेलपथ संवाद

प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में एक से तीन सितम्बर तक आयोजित सेंट्रल कमांड इंट्रा क्लस्टर राउंड-2 बॉयज बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता एपीएस क्लेमेंट टाउन ने जीत ली। मुख्य अतिथि विद्यालय के एसओ (स्कूल) लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन राव ने होनहार छात्रों को विजेता तथा उप-विजेता ट्रॉफी प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।

विद्यालय की खेल प्रभारी जागृति गुप्ता (पीजीटी शारीरिक शिक्षा) ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में एपीएस, एसपी मार्ग, लखनऊ, एपीएस, गोरखपुर, एपीएस, रुड़की नम्बर-1 तथा  एपीएस, क्लेमेंट टाउन की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता लीग प्रणाली के आधार पर खेली गई, जिसमें सभी टीमों ने एक-दूसरे के विरुद्ध अपना उत्कृष्ट खेल कौशल प्रदर्शित किया।

निर्णायक मुकाबले में एपीएस, क्लेमेंट टाउन टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एपीएस, एसपी मार्ग, लखनऊ को पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ ही विजेता टीम एपीएस, क्लेमेंट टाउन ने आगामी सेंट्रल कमांड फाइनल बॉयज बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह फाइनल मुकाबला पांच अक्टूबर को आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में ही आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के अंत में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन राव द्वारा विजेता एवं उप-विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या नीना शंकर, आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज ने समस्त प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, उन्हें बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट का सफल आयोजन विद्यालय की खेल प्रभारी जागृति गुप्ता (पीजीटी शारीरिक शिक्षा) के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

रिलेटेड पोस्ट्स