सम्मानित अभिभावकों- अंक चाहिए या स्वस्थ भविष्य?
बच्चों से कितने नम्बर आए की जगह कितना खेले पूछिए
डालचंद गौतम
मथुरा। आज हर अभिभावक चाहता है कि उसका बच्चा पढ़ाई में अव्वल आए। अच्छे अंक लाए, अच्छी नौकरी पाए और जीवन में सफल हो। इसमें कोई बुराई नहीं है। बुराई तब शुरू होती है, जब बच्चे के भविष्य की चिन्ता में उसके वर्तमान का स्वास्थ्य ही छीन लिया जाए। सुबह से किताबें, स्कूल, कोचिंग और फिर मोबाइल या कम्प्यूटर की पढ़ाई- क्या यही बचपन है?
जिस बच्चे का शरीर सक्रिय नहीं होगा, जिसका मन तनाव और दबाव से घिरा होगा, उससे हम लगातार बेहतर पढ़ाई की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? शिक्षा केवल किताबों में नहीं होती। मैदान भी एक ऐसी पाठशाला है, जहां बच्चा अनुशासन, संघर्ष, सहयोग, नेतृत्व, धैर्य और हार के बाद फिर खड़े होना सीखता है। दुर्भाग्य से हमारे समाज में आज भी खेल को अक्सर पढ़ाई के बाद बचा हुआ समय दिया जाता है। बच्चे ने यदि कहा कि उसे खेलना है तो जवाब मिलता है- पहले पढ़ाई करो, फिर खेलने की बात सोचना। लेकिन सवाल यह है कि यदि बचपन में शरीर और मन स्वस्थ नहीं रहा तो बड़ी-बड़ी डिग्रियां भी किस काम की?
खेल का मतलब हर बच्चे का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनना नहीं है। हर बच्चा किसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचे, यह भी आवश्यक नहीं। लेकिन हर बच्चे को खेलने का अधिकार और अवसर जरूर मिलना चाहिए। माता-पिता को अपनी सोच में एक छोटा-सा बदलाव करना होगा। बच्चे से केवल यह पूछने के बजाय कि “कितने नम्बर आए?” कभी यह भी पूछिए- “आज कितना खेले?”
विद्यालयों को भी खेल को औपचारिकता से बाहर निकालना होगा। खेल मैदान, नियमित शारीरिक शिक्षा और योग्य प्रशिक्षकों की व्यवस्था किसी विलासिता का विषय नहीं, बल्कि बच्चे के स्वस्थ विकास की बुनियादी जरूरत है। आज हम जिस भारत को दुनिया की सबसे युवा शक्तियों में देखते हैं, उस भारत का भविष्य केवल परीक्षा परिणामों से तय नहीं होगा। भविष्य तय होगा इस बात से कि हमारी नई पीढ़ी कितनी स्वस्थ, सक्रिय, अनुशासित और मानसिक रूप से मजबूत है।
अभिभावक बच्चों को पढ़ाई से दूर न करें, लेकिन खेल से भी दूर न करें। उन्हें किताब दीजिए, साथ में मैदान भी दीजिए। उन्हें परीक्षा के लिए तैयार कीजिए, साथ ही जीवन की चुनौतियों के लिए भी तैयार कीजिए। क्योंकि-अच्छे अंक एक बच्चे का भविष्य बना सकते हैं, लेकिन स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन एक मजबूत राष्ट्र बनाते हैं। यही वह सोच है जिसे घर से विद्यालय और विद्यालय से समाज तक पहुंचाने की जरूरत है। स्वस्थ राष्ट्र का संकल्प भाषणों से नहीं, स्वस्थ बच्चों से पूरा होगा।
