शारीरिक शिक्षकों के घर चूल्हा ठंडा, विभाग के अधिकारी गबन में लिप्त

भागलपुर में अधिकारियों और बाबुओं ने कर दिया लाखों का खेल

खेलपथ संवाद

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले से शिक्षा विभाग में गबन का मामला सामने आना हृदय को व्यथित करने वाला है। एक ओर शारीरिक शिक्षक अपने वेतन के लिए दर-दर भटक रहे हैं, तो दूसरी ओर विभाग में कथित भ्रष्टाचार की खबरें पूरी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर रही हैं।

जरा सोचिए उस शारीरिक शिक्षक की मनोदशा, जो प्रतिदिन विद्यालय में बच्चों के भविष्य को सँवारने जाता है, लेकिन शाम को अपने ही परिवार के वर्तमान को लेकर चिंतित रहता है। जिस खेलगुरु के हाथों में बच्चों का भविष्य सुरक्षित होना चाहिए, उसी के हाथ आज अपने परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए विवश हैं।

बच्चों को अनुशासन, संघर्ष और ईमानदारी का पाठ पढ़ाने वाला शारीरिक शिक्षक आखिर किससे पूछे कि उसके अपने जीवन में न्याय कब आएगा? बच्चों को सपने देखना सिखाने वाला शारीरिक शिक्षक जब स्वयं आर्थिक विवशताओं के अंधकार में घिर जाए, तो उसके मन पर क्या बीतती होगी? घर में बच्चों की जरूरतें, परिवार की उम्मीदें और समाज के प्रति जिम्मेदारियाँ—इन सबके बीच वेतन की प्रतीक्षा किसी सजा से कम नहीं होती। सबसे बड़ा दर्द यह है कि शिक्षक अपने हक के लिए आवाज उठाए, तो उसकी पीड़ा सुनने वाला कौन है?

यदि एक ओर शारीरिक शिक्षकों को वेतन के लिए संघर्ष करना पड़े और दूसरी ओर विभाग में गबन के आरोप सामने आएँ, तो यह केवल आर्थिक अनियमितता का प्रश्न नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और प्रशासनिक जवाबदेही की भी परीक्षा है। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो दोषियों के विरुद्ध ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, जो व्यवस्था में जवाबदेही का उदाहरण बने। साथ ही, शारीरिक शिक्षकों के बकाया वेतन का भुगतान बिना किसी अनावश्यक विलम्ब के सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

याद रखिए, शारीरिक शिक्षक की जेब खाली हो सकती है, लेकिन उसके आत्मसम्मान को खाली मत कीजिए। उसके घर की आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है, लेकिन उसकी उम्मीदों को मत तोड़िए। जिस प्रदेश में शारीरिक शिक्षक अपने वेतन के लिए परेशान हो और शिक्षा विभाग में गबन की खबरें सुर्खियाँ बनें, वहाँ आत्ममंथन केवल आवश्यक नहीं, अनिवार्य हो जाता है।

आखिर कब तक शारीरिक शिक्षक अपने अधिकारों के लिए आँसू पीता रहेगा? कब तक उसके परिवार की जरूरतें फाइलों में उलझी रहेंगी? और कब तक ईमानदार शारीरिक शिक्षक व्यवस्था की उदासीनता का बोझ उठाता रहेगा? शारीरिक शिक्षक को उसका हक दीजिए, उसके सम्मान की रक्षा कीजिए और शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार से मुक्त कीजिए। क्योंकि जब शिक्षक की आँखों में बेबसी के आँसू होते हैं, तब केवल एक परिवार नहीं रोता—शिक्षा व्यवस्था की आत्मा भी कराह उठती है। याद रखिए—जिस शारीरिक शिक्षक के हाथों में देश का भविष्य है, उसे अपने वर्तमान के लिए मोहताज बनाना किसी भी सभ्य व्यवस्था के लिए शर्मनाक स्थिति है।

रिलेटेड पोस्ट्स