शिक्षा के दीप से भावी पीढ़ी को दिशा देना चाहती हैं पारुल यादव

अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय से मिली नर्सिंग की डिग्री

दीक्षांत समारोह में बीएससी नर्सिंग की डिग्री प्राप्त कर गौरवान्वित हुईं

खेलपथ संवाद

मथुरा/आगरा। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ के दीक्षांत समारोह में जैसे ही कुमारी पारुल यादव को बीएससी नर्सिंग की डिग्री प्रदान की गई, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यह उपलब्धि उनके लिए वर्षों की मेहनत और परिवार के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पारुल ने एफएच नर्सिंग महाविद्यालय, आगरा से बीएससी नर्सिंग की शिक्षा प्राप्त की है।

खेलपथ से बातचीत में पारुल यादव ने बताया कि उनके माता-पिता महेंद्र सिंह यादव और सुमन देवी यादव की इच्छा है कि वह अध्यापन के क्षेत्र में योगदान देकर समाज की भावी पीढ़ी को सही दिशा दिखाएं। माता-पिता की इसी प्रेरणा को अपने जीवन का उद्देश्य मानते हुए पारुल शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत हैं।

खेलों में विशेष रुचि रखने वाली पारुल का मानना है कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ समाज के विकास का मार्ग भी प्रशस्त करती है। उनका कहना है, “जीवन में शिक्षा ही ऐसा दीपक है, जिससे सारा जहान रोशन हो सकता है।”

पारुल यादव वर्तमान में ब्रज क्षेत्र के प्रतिष्ठित केडी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में अध्यापन का कार्य कर रही हैं। नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने के बाद शिक्षण क्षेत्र में उनकी सक्रियता इस बात का परिचायक है कि वह ज्ञान और अनुभव को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पारुल की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जो शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन मानते हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स