एंटीबायोटिक का गलत इस्तेमाल बढ़ा सकता है संक्रमण का खतरा

आरएनटीयू के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को किया जागरूक, स्टेशनरी भी बांटी

खेलपथ संवाद

भोपाल। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक सेवन और बिना चिकित्सकीय सलाह के उनका इस्तेमाल संक्रमणों के उपचार को मुश्किल बना सकता है। इसी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के अवसर पर चिकलोद गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के खतरे और बचाव के उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की प्राचार्य डॉ. दुर्गा पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसका समन्वय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. गब्बर सिंह और डॉ. रेखा गुप्ता ने किया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया कि बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक लेना, इनका अनावश्यक इस्तेमाल करना और उपचार संबंधी निर्देशों की अनदेखी करना एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की समस्या को बढ़ा सकता है।

इस स्थिति में संक्रमण पैदा करने वाले सूक्ष्मजीवों पर दवाओं का असर कम होने लगता है, जिससे संक्रमण का उपचार कठिन हो सकता है। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक का सेवन न करें और दवाओं का उपयोग डॉक्टर के निर्देशानुसार ही करें। उन्होंने यह भी बताया कि एएमआर की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ आम नागरिकों की जागरूकता और सहभागिता जरूरी है।

स्टेशनरी वितरण से दिया सामाजिक सरोकार का संदेश

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण बच्चों को स्टेशनरी सामग्री भी वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहयोग और जनसेवा का संदेश दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.पी. दुबे ने कहा कि जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी शिक्षा के महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक चुनौतियों से जोड़ते हैं और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं।

कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि दवाओं के उचित उपयोग और एंटीबायोटिक के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज की आवश्यकता है। इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं और उन्हें जनहित के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं। विश्व फार्मासिस्ट दिवस-2026 की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और जनस्वास्थ्य संरक्षण में फार्मासिस्टों की भूमिका पर जोर दिया गया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स